
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
माता कौशल्या मंदिर और राम वन गमन पथ सौन्दर्यीकरण लोकार्पण समारोह के पहले दिन लोक कलाकारों और मुंबई के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। कलाकारों की प्रस्तुति देखकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मंत्रीगण सहित उपस्थित जन समुदाय मंत्रमुग्ध हो उठा। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन भी किया।
कार्यक्रम में राजेन्द्र साहू और उनकी मंडली द्वारा रामायण के प्रसंगों को प्रस्तुत किया गया। पद्मश्री भारती बंधुओं ने संत कबीर के दोहों और भजन के माध्यम से बांधा समां। लोक गायिका कविता वासनिक ने राजगीत ‘अरपा पैरी की धार‘ से छत्तीसगढ़ वासियों का मन मोह लिया। महासमुंद के नंदकुमार साहू की मानस राम मंडली ने छत्तीसगढ़ी लोक गीत की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के तृतीय चरण में कबीर कैफे मुंबई की ‘क्या लेकर आया जगत में, क्या लेकर जाएगा‘ जैसे गीतों की प्रस्तुति से दर्शक झूम उठे। वहीं इंडियन ओशियन कलाकारों के समूह ने ‘सुनो एक गाथा राम की‘ जैसे मनमोहक गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया।
राम धुन में भाव विभोर होकर मुख्यमंत्री पहुंचे कलाकारों के बीच खंजरी बजाई

राम वन गमन पर्यटन परिपथ के उद्घाटन और माता कौशल्या मंदिर के नए स्वरूप में लोकार्पण के समारोह में मंच पर नंदकुमार साहू अपनी मानस मण्डली के कलाकारों के साथ भगवान राम और छत्तीसगढ़ की माटी की भावपूर्ण गौरव गाथा प्रस्तुत कर रहे थे, उसी समय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित वहां उपस्थित दर्शक भक्ति-भाव में भाव विभोर हो उठे। मुख्यमंत्री बघेल खुद को रोक न सके और मंच पर जाकर कलाकारों की मण्डली के साथ जा बैठे। उन्होंने खंजरी बजाकर मानस मण्डली के कलाकारों के साथ संगत की और उनका उत्साहवर्धन किया।

चंदखुरी के माता कौशल्या मंदिर परिसर में 8 और 9 अक्टूबर को भी होगी सांस्कृतिक कार्यक्रम
ऐतिहासिक और पौराणिक नगरी चंदखुरी में 8 और 9 अक्टूबर को भगवान राम की भक्ति भरे कार्यक्रम होंगे। तीन दिवसीय समारोह के दौरान माता कौशल्या मंदिर परिसर में 8 और 9 अक्टूबर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मानस मंडलियां भी अपनी प्रस्तुति देंगी। इस दौरान राम लीला का मंचन भी किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों दिन दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम के पहले चरण में अतिथियों के उद्बोधन होंगे। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, 8 अक्टूबर को भिलाई की स्वामी महिला मानस मंडली की नूतन साहू और उनके दल के कलाकार, राजनांदगांव के एकता मानस परिवार के भागवत सिन्हा और साथियों और भाटापारा सुन्दरकांड समिति के हरगोपाल शर्मा और उनके दल के कलाकार कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद रिसामा की श्रीराम लीला मंडली के लेखुराम साहू और उनकी मंडली के कलाकारों द्वारा राम लीला का मंचन किया जाएगा।
चंदखुरी के माता कौशल्या मंदिर परिसर में 9 अक्टूबर को अतिथियों के उद्बोधन के बाद दोपहर 2.30 बजे से सीतापुर, सरगुजा की भजन मंडली के सुशील मिश्रा और साथी, देवगढ़, सरगुजा की विष्णुधाम रामायण मंडली के धनुषधारी दास और उनकी मंडली के कलाकार, केरजु, सरगुजा की उत्तेश्वर मानस मंडली के मनोहर धु्रवे और उनके साथी और सरगुजा की रामकृष्ण रामायण मंडली के लुकेश्वर प्रजापति और साथी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद मुम्बई के बाबा सत्यनारायण मौर्य और साथी ‘सुनो रे राम कहानी’ की प्रस्तुति देंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal