
- 31 दिसम्बर तक शेष सड़कों के पैच रिपेयरिंग का कार्य करने के दिए निर्देश
- गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए निर्माण कार्यों का मूल्यांकन भी कराएं
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 15 नवम्बर तक सभी मुख्य सड़कों के पैच रिपेयरिंग व सड़क मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए। 31 दिसम्बर तक शेष सड़कों की मरम्मत का कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसी निर्माण कार्यों में गति लाएं। सड़कों के संधारण और स्थिति में सुधार के कार्य में तेजी लाएं।
उन्होंने सभी कार्यपालन अभियंता से कहा कि सबइंजीनियर की बैठक लें और उन पर नियंत्रण रखें। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करें और समय-समय पर ऑडिट करें। काफी समय से शुरू न होने वाले कार्यों के टेंडर निरस्त कर दूसरे कार्य शुरू करें। उन्होंने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के निर्माण कार्य को 31 दिसम्बर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि लोक निर्माण विभाग और अन्य निर्माण एजेंसी भू-अर्जन से संबंधित रिकार्ड अवश्य अपडेट कराएं। भू-अर्जन के बाद संबंधितों को राशि देने के बाद राजस्व विभाग से समन्वय करते हुए खाता दुरूस्तीकरण का कार्य करवा लें। विधायक निधि से बन रहे अपूर्ण कार्यों को जल्दी पूरा कराने और मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल करने के साथ ही डीएमएफ मद से किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉपोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) किए जा रहे निर्माण कार्य और राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तहत स्कूलों में किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता डीके नेताम ने बताया कि अभी वर्तमान में 193 कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता श्री पीपी खरे ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले में निर्माणाधीन सभी सड़क मार्च तक पूर्ण हो जाएंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal