- जिले ने सफलता के नए सोपान प्राप्त किए
- प्रथम डोज का सेचुरेशन 98 प्रतिशत रहा
- कलेक्टर ने उपलब्धि के लिए जिलेवासियों को दी बधाई

कोविड टीकाकरण विशेष महाअभियान में आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने गुरूद्वारा साहिब राजनांदगांव में हितग्राहियों को वैक्सीन लगाया।
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कोविड-19 से सुरक्षा के लिए राजनांदगांव जिले में कोविड टीकाकरण के लिए आज विशेष महाअभियान में लोगों में अभूतपूर्व उत्साह रहा। सघन महाअभियान में लगभग 50 हजार से ज्यादा लोगों ने टीका लगवाया। जिले में प्रथम डोज का सेचुरेशन 98 प्रतिशत रहा। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने इस उपलब्धि के लिए जिलेवासियों को बधाई दी है।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं, बुजुर्गों की विशेष सहभागिता रही। दिव्यांगजनों ने भी टीकाकरण कराया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण के लिए कार्य करती रही। घर-घर दस्तक देकर टीका लगाया जा रहा है और टीकाकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।


जिले में आज लगभग 50 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया। सुदूर वनांचल क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी न हो पाने के कारण ऑफलाइन गणना की जा रही है। छुईखदान विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्रामों में लगभग 7000, छुरिया विकासखंड में लगभग 7000 और खैरागढ़ विकासखण्ड में लगभग 7500 व्यक्तियों ने वैक्सीन लगवाया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal