

- हॉस्पिटल सेक्टर से लगे हुडको मैदान में 3 करोड़ रूपए की लागत से बनेगा डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भिलाई नगर पलिक निगम क्षेत्र में स्थित हुड़को में आयोजित कार्यक्रम में 3 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत के 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नगर के विकास के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। विकास कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। जनता की मांगे प्राथमिकता के साथ पूरी की जाएगी। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर और विधायक देवेंद्र यादव उपस्थित थे।
भूमिपूजन से पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर स्थित भगवान राम और हनुमान की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कोरोनाकाल के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि इस संकटकाल में आम जनता, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर सामना किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान जिन बच्चों के माता पिता की जान गंवाई थी, उनके लिए महतारी दुलारी योजना के तहत 500 रूपए की राशि प्रति माह दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने छप्पन लाख बीपीएल कार्ड और 10 लाख एपीएल कार्ड बनवाए हैं और उसे आधार से लिंक करवाया है ताकि सही व्यक्ति के पास राशन पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल योजना के तहत कम कीमतों पर दवाई उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार ने फ्री होल्ड, रजिस्ट्री दर में कमी और शहरी क्षेत्र में छोटे भूखंड की रजिस्ट्री की सुविधा दी है, जिसका लाभ नगर के विकास में हो रहा है। उन्होंने कहा कि हुड़को मैदान में डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन बनने से शादी और अन्य कार्यक्रम के लिए लोगों को सुविधा हो जाएगी।
इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन
हॉस्पिटल सेक्टर से लगे हुड़को मैदान 3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन निर्माण कार्य के अलावा वार्ड 70 में शारदा संघ के संस्था प्रांगण में शेड निर्माण पेवल ब्लाक और बोर खनन कार्य लागत 8 लाख रुपए, वार्ड 70 अन्नपूर्णा मंदिर प्रांगण के समीप पेवल ब्लाक लगाने का कार्य लागत 4 लाख रुपए, वार्ड 67 सेक्टर 8 सड़क 5 में व्हालीवाल कोर्ट निर्माण कार्य लागत 10 लाख रुपए, वार्ड 67 सेक्टर 8 सड़क 10 में बैडमिंटन कोर्ट निर्माण कार्य लागत 10 लाख रुपए, वार्ड 67 सेक्टर 8 सड़क 12 में गार्डन व बैंडमिंटन कोर्ट निर्माण कार्य लागत 15 लाख रुपए, जोन 1 अंतर्गत हुडको और सेक्टर 8 के विभिन्न स्थानों पर पेवन ब्लाक लगाने का कार्य लागत 25 लाख और वार्ड 70 हुडको तालाब में पचरी निर्माण व प्रकाश व्यवस्था कार्य 19 लाख रुपए शामिल है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal