द सीजी न्यूज डॉट कॉम

सेवा सहकारी समिति पीपरछेड़ी के समिति प्रबंधक यशवंत कुमार साहू को निलंबित कर दिया गया है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निलंबन की यह कार्यवाही की। समिति प्रबंधक द्वारा धान खरीदीे के लिए किसानों के टोकन वितरण की व्यवस्था में लापरवाही बरतने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।

एक दिसम्बर से सहकारी समितियों और उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था शुरू हो रही है। इसके लिए शासन द्वारा किसानों को नियमानुसार टोकन देने के निर्देश दिए गए हैं। टोकन वितरण का यह कार्य समितियों के धान उपार्जन की प्रतिदिन की क्षमता के हिसाब से दिया जाना है। पीपरछेड़ी के समिति प्रबंधक यशवंत कुमार साहू द्वारा शासन के निर्देश का पालन करने में लापरवाही बरती गई। प्रबंधक द्वारा 29 नवम्बर को पीपरछेड़ी समिति से जुड़े सभी ग्रामों में मुनादी कर टोकन के लिए कृषकों को बुलाने से समिति में भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे वहां अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान अव्यवस्थित भीड़ के कारण कई किसान घायल हो गए।

सेवा सहकारी समिति पीपरछेड़ी में टोकन लेने बड़ी संख्या में एक साथ कृषकों के पहुंचने और वहां अव्यवस्था की सूचना मिलते ही कलेक्टर जनमेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार वहॉ पहुॅचे। उन्होंने समिति में धान खरीदी की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि समिति में अव्यवस्थित भीड़ के दौरान घायल हुए ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सभी की स्थिति सामान्य है।