- कलेक्टर की अध्यक्षता में सर्वधर्म समाज प्रमुख, शांति समिति, आयोजन समिति की पदाधिकारियों की उपस्थिति में बैठक संपन्न
- सर्व समाज प्रमुखों द्वारा शहर में आपसी भाईचारा, सर्वधर्म के प्रति समान भाव और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाए रखने अपने-अपने समाज के अंतिम व्यक्ति तक शांति संदेश पहुंचाने की अपील की
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
कवर्धा / कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समाज प्रमुखों की उपस्थिति मे जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें शहर में आपसी भाईचारा, सर्वधर्म के प्रति सामान भाव और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए अपने-अपने समाज के अंतिम व्यक्ति तक शांति संदेश पहुंचाने की अपील की गई। विश्व हिन्दू परिषद की ओर से 6 दिसंबर को कवर्धा के स्वामी करपात्री जी स्टेडियम में हिन्दू शौर्य दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसी संबंध में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वधर्म प्रमुख के अलावा नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि शर्मा, जिले के नवपस्थ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, प्रथम वाहिनी छ.स.ब. भिलाई के सेनानी गोवर्धन सिंह ठाकुर, 17 वीं वाहिनी छ.स.ब. भिलाई के सेनानी एम आर अहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे, कवर्धा एसडीएम विनय सोनी सहित आयोजन समिति के प्रमुख पदाधिकारी नंदलाल चंद्राकर व अन्य सदस्य मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा नियम-शर्तों के आधार पर आयोजन की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि शहर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था, स्थानीय लोगों के आम दैनिक जन जीवन किसी भी तरह का व्यवधान उत्पन्न न होने देने के लिए विशेष ध्यान रखा जा रहा है। शहर में यातायात व्यवस्था बनाएं रखने के लिए पीजी कॉलेज में पार्किग की व्यवस्था की गई है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे ने यातायात, पार्किंग व्यवस्था और आयोजन स्थल स्वामी करपात्री जी स्टेडियम तक पहुंच मार्ग के रूट चार्ट के बारे में विस्तार से समाज प्रमुखों और आयोजन समिति के सदस्यों को जानकारी दी। कार्यक्रम में सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ के सभी जिलो से अलग-अलग वाहनों और मार्गों से बड़ी संख्या में वरिष्ठ जनों के आगमन की सूचना के आधार पर शहर के शांति व्यवस्था बनाए रखने यातायात व्यवस्था और शहर की शांति व्यवस्था का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से पहले वाहनों को पार्किंग स्थल “पी.जी. कॉलेज मैदान में व्यवस्थित रखने की व्यवस्था की गई है।
शहर के किसी अन्य स्थानों पर वाहन पार्किंग कर शहर के यातायात व्यवस्था को बाधित ना करने, कार्यक्रम स्थल में बिलासपुर, मुंगेली रूट से शामिल होने वाले व्यक्तियों के लिए के लिए रूट चार्ट तैयार किया गया है। जिसमें बिलासपुर रोड, मिनी माता चौक, रायपुर बायपास, रायपुर हाइवे से आने वाले वाहन सीधे राजनांदगांव बायपास होकर लोहारा रोड में चेकिंग प्वांइट से होते हुए लोहारा नाका-पार्किंग स्थल पी.जी. कॉलेज में व्यवस्थित वाहनों को रखेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले व्यक्ति व वाहन का शहर में प्रवेश का मात्र एक रास्ता राजनंदगांव रोड होगा। राजनांदगांव और रायपुर बिलासपुर रोड से आने वाले व्यक्तियों को उक्त रूट चाट का पालन कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखना होगा। विंध्यवासिनी मंदिर से लोहारा नाका मार्ग बंद रहेगा। गंगानगर से ऑफिसर कॉलोनी जाने का मार्ग बंद रहेगा। पीजी कॉलेज से आदर्श नगर मार्ग और ऑफिसर कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग बंद रहेंगे। उन्होंने शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal