
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
निषाद समाज के पदाधिकारियों ने आज विधायक अरुण वोरा से मांग करते हुए कहा कि पुलगांव में शिवनाथ नदी पर स्थित उच्च स्तरीय ओवरब्रिज का नामकरण गुहा निषाद राज के नाम पर किया जाना चाहिए। समाज के लोगों ने वोरा से इसके लिए पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुलगांव का क्षेत्र निषाद बाहुल्य है। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उच्च स्तरीय पुल का नाम श्री राम सखा भक्त गुहा निषाद राज सेतु किया जाए।
गौरतलब है कि यूपीए सरकार के दौरान विधायक वोरा ने पहल करते हुए राज्यसभा सांसद मोतीलाल वोरा और तत्कालीन केंद्रीय मंत्री कमलनाथ से पत्र व्यवहार कर 100 वर्ष पुराने जर्जर हो चुके शिवनाथ नदी पुल के स्थान पर उच्च स्तरीय ओवरब्रिज बनाने के लिए राशि स्वीकृत कराई थी। समाज के लोगों द्वारा नामकरण कराने के आग्रह पर आज वोरा ने कहा कि निषाद समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शासन को इस संबंध में अवगत कराया जाएगा और अधिकृत तौर पर सेतु का नामकरण भक्त गुहा निषाद राज महाराज सेतु कराने की पहल की जाएगी।
वोरा ने कहा कि निषादराज ने ही वनवास के दौरान भगवान राम और लक्ष्मण को गंगा नदी पार कराया था। एक प्रकार से सेतु का काम किया था। इसलिए पुल का नामकरण उनके नाम पर करना और भी अधिक प्रासंगिक है। निषाद राज सर्वसमाज के लिए पूजनीय हैं। मांग करने चर्चा करने आए प्रतिनिधिमंडल में निषाद समाज के अध्यक्ष घनश्याम निषाद, एम के निषाद, आशीष पारकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal