Breaking News

चुनाव प्रचार में कांग्रेस ने झोंकी ताकत : दुर्ग के कांग्रेस नेताओं ने किया जमकर प्रचार : वोरा ने किया सभी निकायों में शानदार जीत का दावा

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार के लिए अब सिर्फ 24 घंटे का समय शेष रह गया है। लिहाजा राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों को जिताने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। भिलाई नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत के लिए दुर्ग के विधायक अरुण वोरा की टीम लगातार जनसंपर्क अभियान में डटी है। विधायक अरुण वोरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं की टीम रोज भिलाई नगर निगम के वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में जोरशोर से चुनाव प्रचार कर रही है। आज प्रचार अभियान में पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल सहित अन्य कांग्रेस नेता सक्रिय रहे।

शनिवार की शाम को निकाय चुनावों के लिए प्रचार अभियान थम जाएगा। इसे देखते हुए कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान में पूरा जोर लगा दिया है। विधायक और महापौर के साथ पूरी टीम दिन भर हर घर जाकर जनसंपर्क कर रही है। वोरा ने आज भिलाई नगर निगम के आधा दर्जन वार्डों में धुआंधार प्रचार अभियान छेड़ते हुए घर-घर जनसंपर्क किया। उन्होंने दावा किया कि भिलाई में मिल रहे व्यापक जनसमर्थन से कांग्रेस की जीत का रास्ता साफ हो गया है। प्रचार अभियान के दौरान पूर्व महापौर आरएन वर्मा, मध्य ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद, कौशल किशोर सिंह, फत्ते सिंह भाटिया, कमल नारायण रुंगटा, चन्ने भाटिया, पप्पू श्रीवास्तव, हेमंत तिवारी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय रहे।

वोरा ने डोर टू डोर कैंपेन के दौरान मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में अभूतपूर्व विकास कार्य कराए गए हैं। मुख्यमंत्री की योजनाओं का लाभ झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों को भी मिल रहा है और समृद्ध परिवारों को भी भूपेश सरकार सौगात दे रही हैं। बिजली बिल हाफ योजना, जमीन की शासकीय दरों में बढ़ोतरी न करने, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, शहरी स्वास्थ्य योजना, सिटी डायग्नोस्टिक सेंटर, श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर में आधी से भी कम दरों पर दवाईयां मिलने जैसी कई सौगातों से शहरवासी खुश हैं। निकाय चुनावों में भूपेश सरकार की योजनाओं का लाभ कांग्रेस प्रत्याशियों को मिलेगा। भिलाई नगर निगम क्षेत्र सहित सभी निकायों में कांग्रेस की शहरी सरकार बनना तय है। 

वोरा ने बताया कि वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र पहले दुर्ग विधानसभा का हिस्सा था। यहां के मतदाताओं से पुराना संपर्क होने के कारण लोग  बहुत उत्साह से मिल रहे हैं। कोसानाला में हाल ये है कि पूरा मोहल्ला उनके साथ चुनाव प्रचार अभियान में जुट गया। वोरा ने आज कोसानगर के अलावा लक्ष्मी नगर वार्ड 10, हास्पिटल वार्ड 69,  कैम्प 1, हुडको सेक्टर में जनसंपर्क किया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी संदीप निरंकारी, चंद्र शेखर गवई, अरविंद राय, कोमल टंडन, कमलेश देवांगन, सीजू एंथोनी को विजयी बनाने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान वोरा ने कमलेश देवांगन के वार्ड में बाईक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।

Check Also

चुनाव संबंधी शिकायतों का निराकरण करने जिला स्तरीय शिकायत सेल गठित

THE CG NEWS दुर्ग/ छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर के निर्देशानुसार जिले में नगर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!