- मुख्यमंत्री के रूप में वोरा ने छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में अमूल्य योगदान दिया : भूपेश बघेल
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा की जयंती 20 दिसम्बर के अवसर पर नमन किया है। उन्होंने कहा कि मोतीलाल वोरा ने अपने सरल-सहज और मृदुभाषी व्यक्तित्व से सभी को प्रभावित किया। उनके व्यक्तित्व में सादगी थी। अहंकार उनसे कोसो दूर था। उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में अमूल्य योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि वोरा ने सर्वहारा वर्ग के भलाई के लिए अनेक कार्य किए। अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में उन्हें जो भी दायित्व मिला उसे सहज स्वीकार किया। उन्होंने पार्षद से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। जमीनी स्तर से लेकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश में दो बार मुख्यमंत्री का पद संभाला। इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के साथ ही केन्द्रीय मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व भी संभाला। उन्होंने एक पत्रकार के रूप में भी काम किया। पत्रकार के रूप में काम करने के दौरान उन्हें जनता की समस्याओं को नजदीक से देखने का मौका मिला। उनका यह अनुभव उनके राजनीतिक जीवन में भी काम आया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
