
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई से अपनी कार्टून कला की शुरूआत करने वाले देश के प्रख्यात कार्टूनिस्ट बीवी पांडुरंग राव के खाते में एक और उपलब्धि दर्ज हुई है। उन्हें नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में प्रतिष्ठित ह्यूमैनिटेरियन एक्सीलेंस अवार्ड-2021 से सम्मानित किया गया है। ‘आई कैन फाउंडेशन’ के संस्थापक गौरव गौतम ने बताया कि यह अवार्ड देशभर के उन चुनिंदा लोगों को दिया गया है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज व देश में विशिष्ट योगदान दिया है।

भिलाई स्टील प्लांट के सेवानिवृत्त अफसर और वर्तमान में बेंगलुरू में रह रहे बीवी पांडुरंग राव को आयोजन में मुख्य अतिथि सांसद राहुल कसवां ने सम्मानित किया। आयोजन में दिल्ली म्यूनिसिपल कार्पोरेशन के चेयरमैन योगेश वर्मा, इनकम टैक्स की ज्वाइंट कमिश्नर अमनप्रीत कौर के साथ परमेश्वर बाली, नेतराम ठगेला व जितेंद्र चतुर्वेदी सहित अन्य लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम में देश के प्रत्येक राज्य से एक-एक महिला- पुरुष के साथ एक संगठन का चयन इस प्रतिष्ठित अवार्ड के लिए किया गया था। बी.वी. पांडुरंग राव को कर्नाटक राज्य से विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। बीवी पांडुरंग राव ने भिलाई बिरादरी को प्रतिष्ठित अवार्ड समर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने भिलाई स्टील प्लांट मैनेजमेंट के प्रोत्साहन से ही अपनी कार्टून कला को विकसित किया था और भिलाई स्टील प्लांट की वजह से ही देश-दुनिया में उन्हें अपनी कार्टून कला का प्रचार प्रसार करने का मौका मिला।
आपको बता दें कि बीवी पांडुरंग राव वरिष्ठ कार्टूनिस्ट हैं और बीएसपी से सेवानिवृत्ति के बाद बेंगलुरू में रहते हुए देश और दुनिया में अपनी कार्टून कला की धूम मचा रहे हैं। कार्टून कला की वजह से उनका नाम 14 बार लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड और 11 बार इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज किया गया है। उन्हें भूतपूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के हाथों लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड और प्रतिष्ठित यूआरएफ लेजेंड अवार्ड मिल चुका है। राव ने बताया कि इस वर्ष 2021 में उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण अवार्ड कार्टून कला के क्षेत्र में प्राप्त हुए हैं। कोरिया, पोलैंड, ब्राजील, जापान, रोमानिया व कोलंबिया में विभिन्न विषयों पर भेजे गए कार्टून के आधार पर उन्हें सम्मानित किया गया है, वहीं राष्ट्रीय स्तर पर विजयवाड़ा में हाल ही में विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal