
- एसआईओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्टूडेंट मीट को संबोधित किया
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई। भारतीय मुस्लिम युवा विद्यार्थियों के संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक आर्गेनाइजेशन (एसआईओ) भिलाई इकाई की ओर से गुरुवार को स्टूडेंट्स मीट कार्यक्रम का आयोजन फरीद नगर सुपेला में किया गया। इस आयोजन में दुर्ग-भिलाई, चरोदा और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से विद्यार्थी शामिल हुए। इस दौरान मुख्य अतिथि एसआईओ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष सलमान अहमद ने तालीम से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने तालीम के जरिए समाज में बदलाव लाने, बेहतर से बेहतर तालीम पाने पर जोर देने और तालीम के जरिए समाज मे फैली बुराइयों दूर करने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान सवाल-जवाब का सत्र भी रखा गया, जिसमे नौजवानों और विद्यार्थियों ने मौजूदा दौर के अहम मुद्दों पर सलमान अहमद से सवाल किये। विद्यार्थियों ने पूछा कि कर्नाटक में मुस्लिम लड़कियों के हिजाब को लेकर हो रहे विरोध पर एसआईओ का क्या रुख है?
इसका जवाब देते हुए सलमान अहमद ने कहा कि जिस तरह से विद्यार्थी रहते हुए भी सिख समुदाय को पगड़ी और ब्राह्मणों को जनेऊ धारण करने की इजाज़त है, उसी तरह मुस्लिम लड़कियों को भी हिजाब पहनने की इजाज़त होनी चाहिए। इस पर विवाद बेमानी है। आयोजन में एसआईओ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष शेख़ अमानुल्लाह व प्रदेश सचिव साजिद अली और जमात-ए-इस्लामी हिंद छत्तीसगढ़ के प्रदेश व यूनिट अध्यक्ष शब्बीर खान व एजाज़ अहमद, मस्जिद हनफिया चरोदा के मौलाना इरम फलाही, कॉर्डिनेटर मो. इमरान अजीज़ के साथ ही अन्य सदस्य फरहान अली, अमजद अली, साबिर अहमद, अरशद अली, सोहेब, सैफ सहित अन्य लोग मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal