
- जन दर्शन में लोगो की समस्याओ का किया गया “त्वरित निराकरण”
- पुलिस कप्तान द्वारा किया गया कोटवारो के सम्मान
- बच्चो को शिक्षा से जोडने का अभिनव पहल “बचपन बचाओ बच्चे पढाओ “
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेंद सिंह ने शुक्रवार को पण्डरिया अनुविभाग के अंतर्गत थाना पण्डरिया में पुलिस जनदर्शन में ग्रामीणो की समस्याएं सुनी। उन्होंने मौके पर ही अधिकांश शिकायतों का समाधान कर दिया। अलग-अलग समस्याओं के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय जाकर भटकने वाले ग्रामीणों का जनदर्शन में तत्काल समाधान होने पर लोगों ने प्रसन्नता जताई।
पुलिस और जनता के बीच मधुर संबंध कायम करने और ग्रामीणों को जिला मुख्यालय जाकर भटकाव की स्थिति से बचाने के लिए पुलिस कप्तान की इस पहल की सभी ने जमकर सराहना की। पण्डरिया थाना परिसर में “जन दर्शन” के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद एसपी ने मौके पर ही जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने पंडरिया एसडीओपी नरेन्द्र वेंताल, पण्डरिया के थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश यादव, थाना पाण्डातराई के निरीक्षक सुशील मलिक, कुकदुर के थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सोम, कुण्डा के थाना प्रभारी निरीक्षक बीपी तिवारी, दामापुर के चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक रघुवंश पाटिल को निर्देश दिये।
पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेंद सिंह ने कहा कि ग्रामीणो को स्थानीय स्तर पर सरल-सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी शिकायतों व समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। इस दौरान पुलिस के अभिन्न अंग कहे जाने वाले ग्राम कोटवारो का सम्मान भी किया गया। पुलिस अधीक्षक ने श्रीफल भेंट कर सभी ग्राम कोटवारों को सम्मानित किया। एसपी ने कोटवारों को उनके नाम व उनके ग्राम के नाम सहित नेम प्लेट व स्टेशनरी भी भेंट की।
पुलिस अधीक्षक ने शिक्षा से वंचित बच्चों को शिक्षा से जोडने “बचपन बचाओ बच्चे पढाओ” अभियान की शुरूआत करते हुए उपस्थित 26 बच्चों को स्कूल ड्रेस, स्कूल बैग, कापी, पुस्तक, पेंसिल, ड्राइंग बुक, कम्पास बाक्स व अन्य शिक्षण सामग्री भेंट की। उन्होंने स्कूल चले हम की दिशा में बच्चों को स्कूल जाने और अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जिला कबीरधाम चाईल्ड लाइन प्रभारी, स्थानीय पत्रकारों के अलावा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस द्वारा जिले में चलाये जा रहे इस अनूठी पहल का सभी ने स्वागत किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal