
- मिस्ड काल करने के सिर्फ दो घंटे बाद कनेक्शन मिलने पर उपभोक्ताओं के चेहरे खिले
- नया बिजली कनेक्शन लेेने पावर कंपनी ने जारी किया मिस्ड काल नंबर ‘‘74040-40625’’
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग /छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा मिस्ड कॉल लेने में दुर्ग के उपभोक्ता पहले नंबर पर रहे। प्रदेश का पहला कनेक्शन दुर्ग रीजन के नेहरू नगर में दिया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद महज दो घंटे के भीतर बिजली कनेक्शन जोड़ दिया गया।
मोबाइल नंबर पर 74040-40625 मिस्ड काल सुविधा 1 मार्च 2022 से शुरू की गई है। इस सुविधा के तहत पहला कनेक्शन दुर्ग रीजन के नेहरू नगर जोन में तामेश्वर साहू को प्रदान किया गया। धमधा वितरण केंद्र के बाली चंदेल और सुपेला जोन के शरद मिश्रा को मिस्ड कॉल के मात्र दो घंटे बाद ही कनेक्शन दे दिया गया। दल्ली राजहरा वितरण केंद्र के अंतर्गत सरजीत सिंग, अंडा से पिंकी साहू, देवरी से धर्मेंद्र कोस्टा, उतई सुभाष साव, दुर्ग टाऊन जोन से उमरदीन, सुपेला जोन से नीरज मिश्रा, विद्यानिधी शास्त्री, राजेश यादव और शीला रानी सिन्हा, भिलाई-चरोदा जोन से रेखा सिंग, जवाहर नगर जोन से रवि शर्मा, कोहका जोन से महिपत सोनी, वैशाली नगर जोन से अजय शर्मा और रिसाली जोन से तूलिका घोष को भी चंद घंटों में ही विद्युत कनेक्शन प्रदान कर दिया गया।
जवाहर नगर जोन के उपभोक्ता रवि शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन और पॉवर कंपनी की यह अभिनव पहल सराहनीय हैै। पॉवर कंपनी द्वारा जारी नंबर पर मिस्ड कॉल देने के बाद कॉल सेंटर से उनको कॉल आया। ऑपरेटर ने उनसे विवरण पूछा। उसके बाद सबंधित जोन के कर्मचारी उनके बताए पते पर पहुंचकर फार्म भरवाकर वापस चले गए। उनके आवेदन की ऑनलाइन एंट्री के बाद ऑफिस से उनको डिमांड नोट एसएमस के माध्यम से भेजा। पेमेंट करने के एक घंटे बाद ही बिजली विभाग के स्टॉफ ने उनको कनेक्शन प्रदान कर दिया।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता एम. जामुलकर ने बताया कि प्रबंधन ने नए बिजली कनेक्शन देने यह सुविधा शुरू की है। उपभोक्ता को बिजली दफ्तर जाए बिना ही आवेदन की सुविधा मिलेगी। जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करने में किसी तरह की समस्या होगी, वे 74040-40625 पर मिस्ड काल कर लाभ ले सकेंगे। जामुलकर ने कहा कि मिस्ड कॉल सर्विस द्वारा प्रदेश में पहला कनेक्शन दुर्ग रीजन के नेहरू नगर जोन द्वारा प्रदान किया जाना दुर्ग रीजन के लिए बड़ी उपलब्धि है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal