- जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिये गए हैं कि ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में कटौती के आधार पर गुणवत्ता सुधार के लिए विशेष कार्यक्रम का क्रियान्वयन करें। समग्र शिक्षा के प्रबंध संचालक नरेन्द्र दुग्गा ने जिला शिक्षा अधिकारियों से कहा है कि स्कूलों में ग्रीष्म कालीन अवकाश में कटौती कर बच्चों की पढ़ाई में हुुए नुकसान को कम करने के उद्देश्य से हर विकासखण्ड में शिक्षण सुधार कार्यक्रम का क्रियान्वयन करें।

कार्यक्रम की सफलता के लिए विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी पूर्णतः जिम्मेदार और जवाबदेह होंगे। इसके लिए कार्य दलों का गठन किया जाएगा। सभी कार्य दलों की बैठक 20 मार्च तक अनिवार्य रूप से आयोजित कर सभी स्कूल में कार्यक्रम पूरी गंभीरता के साथ आयोजित किए जाएं। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी अपने क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार के लिए 5 कार्यदल के गठन कराएंगे। पांचों कार्य दल द्वारा तैयार रणनीति सह-कार्ययोजना को लागू किया जाएगा।
स्कूलों में टेलीप्रेक्टीज एवं निक्लर एप्प के उपयोग के लिए आवश्यक संसाधन और दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। अभियान में बच्चों के सीखने के अवसर देने के लिए आवश्यक सामग्री, अभ्यास पुस्तिका व अन्य सामग्री सुलभ कराया जाएगा। सौ दिनों के अभियान में सभी स्कूलों में विद्यार्थियों की वास्तविक स्थिति की प्रविष्टि सीजीस्कूलडॉटइन पोर्टल में अनिवार्य रूप से करते हुए उनका सैंपल चेक किया जाएगा।
प्राथमिक स्कूल में सरल, उच्च प्राथमिक स्कूलों में नवा जतन, हाई और हायर सेकेण्डरी स्कूल में नियमित उपचारात्मक शिक्षण किया जाएगा। छोटे बच्चों को घर में रहकर सीखने का अवसर देने के लिए अंगना म शिक्षा कार्यक्रम को अपनाया जाएगा। विभिन्न स्तरों पर सघन नियमित निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal