द सीजी न्यूज डॉट कॉम
बघेरा में शराब दुकान खुलने की खबर मिलने के बाद सियासत तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने इस मामले को लेकर आज बघेरा सहित आसपास के गांवों के नागरिकों के साथ रैली निकालकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। विधायक अरुण वोरा की समझाईश और आश्वासन के बाद दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के बघेरा क्षेत्र के नागरिक प्रदर्शन में शामिल न होने के लिए तैयार हो गए। दूसरी ओर, दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से बड़ी तादाद में प्रदर्शनकारी आज की रैली में शामिल हुए और शराब दुकान खोले जाने का विरोध किया। कलेक्ट्रेट में अधिकारियों द्वारा लिखित आश्वासन देने के बाद प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।


आपको बता दें कि विधायक अरुण वोरा ने आज सुबह आबकारी अधिकारी को स्पष्ट निर्देश देते हुए साफ कहा कि बघेरा में शराब दुकान नहीं खुलेगी। प्रस्तावित स्थल के आसपास स्कूल और मंदिर है। स्थानीय लोगों ने यहां शराब दुकान खोलने की तैयारी का कड़ा विरोध किया है। नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए यहां शराब दुकान नहीं खुलेगी। इस मामले को लेकर वोरा ने दुर्ग ग्रामीण के विधायक गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू से भी चर्चा की। वोरा के निर्देश के बाद आबकारी अधिकारी शराब दुकान न खोलने पर सहमत हो गए। वोरा ने बघेरा, कोटनी, पीपरछेड़ी, पंचशील नगर क्षेत्र के नागरिकों से मुलाकात भी की और शराब दुकान न खोलने का फैसला होने की जानकारी दी।
इधर, दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में सक्रिय भाजपा नेता ललित चंद्राकर के नेतृत्व में बघेरा के आसपास के गांवों के ग्रामीणों को लेकर रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर शराब दुकान न खोलने की मांग की। रैली में शामिल महिलाएं शराब दुकान का विरोध करते हुए नारेबाजी करती रही। कलेक्ट्रेट में अधिकारियों ने बताया कि बघेरा में शराब दुकान न खोलने का फैसला लिया जा चुका है। अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद सभी प्रदर्शकारी वापस लौट गए। रैली में भाजपा नेता ललित चंद्राकर, संतोष सोनी, नितेश साहू सहित अन्य भाजपा नेता शामिल हुए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal