Breaking News

शहीदे आजम भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरू के शहादत दिवस पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

देश के स्वतंत्रता आंदोलन के महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस के मौके पर आज पूरे सम्मान के साथ युवा संगठन एआईडीवाईओ और छात्र संगठन एआईडीएसओ के कार्यकर्ताओं ने शहीद चौक पर अमर शहीदों के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।


युवा संगठन के राज्य संगठन सचिव आत्माराम साहू ने शहीद भगत सिंह के जीवन संघर्षों की चर्चा करते हुए कहा कि आज भी शहीद ए आजम भगत सिंह और आजादी आंदोलन के गैर समझौतावादी धारा के तमाम क्रांतिकारी युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। देश को आजाद कराने में इन युवाओं का बलिदान अतुलनीय है। भगत सिंह और साथी क्रांतिकारियों ने ना सिर्फ ब्रिटिश हुकूमत को भारत से भगाने की लड़ाई लड़ी, बल्कि भारत में शोषण मुक्त सामाजिक व्यवस्था कायम करने का सपना देखा था।
मात्र 23 वर्ष की उम्र में शहीद भगत सिंह अपने देश को आजाद कराने के लिए लगातार समझौताहीन संघर्ष करते हुए हंसते-हंसते देश के लिए शहीद हो गए। उनका जीवन चरित्र इतना उन्नत है कि आज भी युवा वर्ग उन्हें अपना आदर्श माने बगैर नहीं रह सकते। आज़ादी आंदोलन में उन्होंने अपने आप को एकात्म कर दिया था। उनके लिए देश की आजादी से बड़ा कोई दूसरा मकसद नहीं था। शहीदे आजम भगत सिंह के अनुसार “हमारी लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक गोरे अंग्रेजों के अलावा इस देश में शोषण करने वाले काले अंग्रेज मौजूद हैं” और इसी राह पर आजीवन वह अटल व कायम रहे।
आज की युवा पीढ़ी को शहीदे आजम भगत सिंह व क्रांतिकारियों के संघर्षों से सीख लेकर अन्याय व शोषण के विरुद्ध जोरदार आंदोलन करने की जरूरत है। तभी हम भगत सिंह और तमाम महान क्रांतिकारियों का सपना पूरा कर सकेंगे। सभा का संचालन छात्र संगठन एआईडीएसओ के जिला अध्यक्ष शुभम पांडे ने किया। इस अवसर पर पूजा सागर, मेघराज साहू, नरेश कुमार, पूनम यादव, प्रत्यूष कुमार, तिरित साहू उपस्थित थे।

Check Also

रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में लगेगा मेला, युवाओं को मुख्यमंत्री के हाथों मिलेंगे ऑफर लेटर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!