द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग। निगम कमिश्नर हरेश मंडावी ने आज अधिकारियों के साथ शंकर नाला पहुंचकर निर्माण कार्य और साफ सफाई का निरीक्षण किया। उन्होनें अधिकारियों से कहा कि 30 अप्रैल तक रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए। दोनों तरफ की रिटेनिंग वॉल के बीच पड़े मिट्टी -मलबे को हर हाल में 31 मई तक निकालने के निर्देश भी दिये। कमिश्नर ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बारिश के पहले नाले की सफाई के मद्देनजर मिट्टी व मलबा हटाना बेहद जरूरी है।
कमिश्नर हरेश मंडावी ने मालवीय नगर, संतरा बाड़ी से दुर्गा चौक विजय नगर होते हुए शंकर नगर नाला के आखिरी छोर तक कार्यपालन अभियंता आर.के. पांडेय, सहायक अभियंता आर.के. जैन, उपअभियंता सुरेश केवलानी सहित अन्य अधिकारियों के साथ शंकर नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नाले में गंदा कचरा आदि डालने से रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
पिछले कुछ वर्षों में शंकर नाला की सफाई निगम कर्मचारियों के तीन – तीन गैंग लगाकर तल से कराई जा रही है। इसके कारण शंकर नाला में पिछले साल अत्यधिक वर्षा के बावजूद घरों में पानी नहीं घुसा और बाढ़ की नौबत नहीं आई। शंकर नगर नाला के आसपास रहने वाले लोगों ने इस कार्य के लिए निगम प्रशासन की प्रशंसा भी की है। निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार शंकर नाला सहित अन्य बड़े नालों की गैंग लगाकर सफाई कराई जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
