- भाजपा पार्षद मांगेंगे 22 माह के कार्यकाल का हिसाब : प्रमुख मुद्दा होगा शहर का विकास
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / भाजपा कार्यालय में आज शहर के प्रमुख भाजपा नेताओं की बैठक हुई जिसमें 29 मार्च को होने वाली नगर निगम की बजट बैठक में सत्तापक्ष को घेरने की रणनीति बनाई गई। भाजपा नेताओं ने तय किया है कि संगठन से जुड़े सभी पार्षद बजट बैठक में शहर की ज्वलंत समस्याओं और जनता से जुड़ी मूलभूत समस्याओं को लेकर सत्तापक्ष को घेरेंगे। बैठक में प्रदेश भाजपा मंत्री उषा टावरी, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, पूर्व सभापति दिनेश देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा पार्षदों ने सत्तापक्ष को घेरने सभी 16 पार्षदों द्वारा प्रश्नकाल के लिए लगाए प्रश्नों पर विस्तार से चर्चा की। तय किया गया कि 22 माह के निगम सरकार में विकास कार्य ठप होने और जनता की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने में विफल रहने पर सत्ता पक्ष से जवाब मांगा जाएगा। प्रदेश मंत्री उषा टावरी ने कहा कि शहर की जनता धूल, गड्ढे व बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। निगम की सरकार में निरंकुश और कठपुतली महापौर होने के कारण जनता अपनी समस्याओं के लिए भटक रही है। इस मुद्दे को भाजपा पार्षद सदन में प्रमुखता से उठाएं।
पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर ने कहा कि 22 माह के कार्यकाल में नगर निगम की कांग्रेस परिषद ने शहर को कोई बड़ी सौगात या विकास के लिए बड़ी राशि लाने में विफल रही है। जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे पूर्व परिषद के द्वारा स्वीकृत राशि से किये जा रहे हैं। ये राशि भूपेश सरकार ने वापस ले ली थी, जिसे किस्तों में लाकर विधायक और महापौर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। पूर्व सभापति दिनेश देवांगन ने कहा कि निगम में बहुमत के दम पर सत्ता पक्ष द्वारा विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। पार्षदों को बोलने से रोका जाता है। सभी पार्षद आक्रामक ढंग से एकजुट होकर सत्ता पक्ष का मुकाबला करें।
नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा ने कहा कि भाजपा के सभी 16 पार्षद सत्ता पक्ष से घपले, घोटाले व विकास में भेदभाव को लेकर जवाब मांगेंगे। बैठक में प्रमुख रूप से वरिष्ठ पार्षद गायत्री साहू, चंद्रशेखर चंद्राकर, देवनारायण चंद्राकर, कांशीराम कोसरे, नरेंद्र बंजारे, नरेश तेजवानी, मनीष साहू ओम प्रकाश राकेश सेन, अजीत वैद्य, चमेली साहू, लीना दिनेश देवांगन, शशि द्वारिका साहू, पुष्पा गुलाब वर्मा, हेमा शर्मा, कुमारी साहू, जगदीश शर्मा, राकेश साहू, गुलाब वर्मा उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
