- पीडब्लूडी और नगर निगम के कार्यों की धीमी गति से आम जनता को परेशानी : शहर में विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराएं अधिकारी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने नगर निगम और पीडब्लूडी विभाग के अफसरों को शहर में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। वोरा ने कहा कि नगर निगम के कमिश्नर हरेश मंडावी अधिकारियों के साथ सभी वार्डों का दौरा करें और आम जनता की समस्याओं का निराकरण तत्काल करें। महापौर धीरज बाकलीवाल इस पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करें।
वोरा ने पीडब्लूडी अफसरों से कहा है कि 64 करोड़ की लागत से जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। यह कार्य तेजी से पूरा किया जाना चाहिए। काम रुक-रुक कर होने से आम जनता को आवागमन में असुविधा हो रही है। वोरा ने जीई रोड पर 12 करोड़ की लागत से एक सप्ताह के भीतर हाई मास्ट व स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिये। रात के समय अंधकार होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका रहती है। वोरा ने रुआबांधा से बोरसी रोड के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। काम की धीमी रफ्तार से आम जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
वोरा ने नगर निगम के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट का बचा निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराया जाए। शहर के 8 तालाबों के सौंदर्यीकरण से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूरा करें और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएं। नगर निगम के सभी वार्डों में छोटी छोटी समस्याओं का निराकरण करने कैम्प लगाकर अधिकारी नागरिकों की समस्या सुनें और समस्याओं का निराकरण करें। वोरा ने कहा कि 12 करोड़ की लागत से सड़क डामरीकरण के कार्य कराए जाएं।
वोरा ने एक और महत्वपूर्ण मुद्दे पर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा है कि भूमि पट्टा के लिए हर वार्ड में नागरिक परेशान हैं। प्रत्येक वार्ड में सर्वे टीम भेजकर लोगों की समस्या सुनने के बाद उचित समाधान करें। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा भूमिहीन गरीबों को पट्टा देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। यह कार्य तत्काल पूरा किया जाए ताकि लोगों को जमीन के पट्टे मिल सकें। वोरा ने नगर निगम अधिकारियों को दुर्ग शहर में विधायक निधि, महापौर निधि, पार्षद निधि व एल्डरमेन निधि के कार्यों को भी शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिये हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
