- देश भर से प्रतिभावान युवा प्रवक्ताओं की टीम तैयार करने युवा कांग्रेस का अभियान शुरू
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
यंग इंडिया के बोल सीजन 2 का रायपुर से आगाज किया गया। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध हरितवाल, यंग इंडिया छग प्रभारी शिल्पा एक्का, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अमरजीत चावला, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने आज रायपुर में राजीव भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान यंग इंडिया के बोल सीजन 2 लॉन्च किया। इस दौरान महामंत्री अशरफ हुसैन, प्रवक्ता राहुल कर, अंशुल मिश्रा, नम्रता सोनी, आकाश यदु समेत युवा साथी उपस्थित रहे।
हरितवाल ने बताया कि जिस सोच के साथ राहुल गांधी ने पूरे देश भर से होनहार युवाओं को आगे लाने का संकल्प लिया है, उसी कड़ी में भारतीय युवा कांग्रेस यंग इंडिया के बोल प्रवक्ता चयन प्रतियोगिता के माध्यम से देश भर से प्रतिभावान युवाओं को चयन कर दिल्ली के मंच में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने का अवसर दे रही है। 2021 में भारतीय युवा कांग्रेस ने यंग इंडिया के बोल का सफल आयोजन कर देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से राष्ट्रीय स्तर के 27 प्रवक्ताओं का चयन किया, वही 250 से ज्यादा प्रदेश प्रवक्ता इसी मंच के माध्यम से चयनित हुए।
राहुल गांधी की सोच को साकार करने के उद्देश्य से भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लवरू के मार्गदर्शन और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास के नेतृत्व में देशभर में यंग इंडिया के बोल सीजन 2 का आगाज किया जा रहा है। 26 मार्च को यंग इंडिया के बोल सीजन 2 की लॉन्चिंग भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी द्वारा की गई। इसी प्रकार विधिवत रूप से देशभर के सभी राज्यों में यंग इंडिया के बोल सीजन 2 की लॉन्चिंग की जा रही है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता शिल्पा एक्का ने बताया कि राहुल गांधी की सोच है कि देश भर से प्रतिभावान युवाओं को आगे लाना है और देश की उन्नति में उन्हें भागीदार बनाना है। 31 मई तक गूगल फार्म के माध्यम से प्रतिभागी आमंत्रित किये जाएंगे। इसके बाद 1 जून से 31 जुलाई तक विधानसभा व जिला स्तर पर प्रतिभागियों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला व विधानसभा स्तर पर सफलता हासिल करने वाले प्रतिभागियों के लिए 1 अगस्त से 20 सितंबर के बीच राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय युवा कांग्रेस करेगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय दिल्ली में होगी। ,राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना लोहा मनवाने वाले प्रतिभागियों को भारतीय युवा कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता व प्रदेश प्रवक्ता के रूप में नियुक्ति दी जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अमरजीत चावला ने युवा कांग्रेस की इस मुहिम की सराहना करते हुए इसमें ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़ने की अपील करते हुए संगठन को मजबूत करने की बात कही। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने कहा की इस तरह के आयोजन से अंतिम पंक्ति के योग्य कार्यकर्ता को आगे आने का मौका मिलता है, जो राहुल गांधी जी की सोच के अनुरूप है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास और कृष्ण अल्लावारू को साधुवाद देते हुए इस आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
