द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग शहर में लोक निर्माण विभाग और नगरीय निकाय के लगभग 400 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य जारी हैं। इन सभी कार्यों को अतिशीघ्र पूरा कराने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस विधायक छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने विभागीय अफसरों को कड़े निर्देश दिये हैं। उन्होंने पीडब्लूडी और नगर निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल पूरे देश मे चर्चा का विषय है, जहां शहरी व ग्रामीण अधोसंरचना विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और मानव संसाधन को सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में दूरगामी परिणाम देने वाले अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं।
वोरा ने कहा कि विकास कार्यों का क्रियान्वयन और गुणवत्ता में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में पीडब्लूडी के अंतर्गत 64 करोड़ से मुख्य मार्ग उन्नयन व सौंदर्यीकरण, 54 करोड़ की लागत से पुलगांव अंजोरा फोरलेन, 100 करोड़ से अंडा दुर्ग पहुंच मार्ग, 14 करोड़ का ऑडिटोरियम, बोरसी रुआबांधा मार्ग, बोरसी हनोदा मार्ग, दुर्ग धमधा मार्ग जैसे बड़े कार्यों को स्वीकृति दिलाकर प्रारंभ कराया गया है।
नगरीय निकाय के अंतर्गत 14 करोड़ का ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, 6 करोड़ से गौरव पथ उन्नयन, 5 करोड़ से मुक्तिधाम मार्ग चौड़ीकरण और लगभग 20 करोड़ से वार्डों के आंतरिक मार्गों के सुदृढ़ीकरण के लिए राशि जारी कराई गई है। कार्यों की धीमी गति पर असंतोष जाहिर करते हुए वोरा ने कहा कि अधिकारियों द्वारा समय-समय पर कार्यों की प्रगति रिपोर्ट दर्ज करते हुए मॉनिटरिंग की जाए जिससे जल्द से जल्द शहर के लोगों को सरकार के विकास का मॉडल धरातल पर नजर आ सके। वे जल्द ही विभागीय स्तर पर कार्यों की समीक्षा करेंगे। ताकि, सभी विकास कार्य समय सीमा पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हो सकें।
खैरागढ़ में कांग्रेस की प्रचंड जीत होगी – वोरा
खैरागढ़ उपचुनाव को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि भूपेश सरकार पर जनता को पूरा भरोसा है। उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार की जनविरोधी और महंगाई बढ़ने से रोकने में असफल नीतियों का हवाला देते हुए उपचुनाव में कांग्रेस की प्रचंड जीत होगी। वोरा ने खैरागढ़-गंडई-छुईखदान निवासियों को नया जिला बनने की अग्रिम बधाई दी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
