- पुरानी गंजमंडी में सभा स्थल की तैयारियों का जायजा भी लिया
- अमृत मिशन योजना के पेंडिंग कार्यों को तत्काल पूरा करें
- जीई रोड पर प्रकाश व्यवस्था का कार्य भी फौरन करें
- बोरसी रुआंबांधा रोड, राजेंद्र पार्क चौक से जेवरा मार्ग के डामरीकरण सहित अन्य सभी कार्य कराएं
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के कड़े निर्देश के बाद आज पीडब्लूडी अफसरों ने जीई रोड के डामरीकरण का काम शुरू कर दिया। वोरा ने कल सख्त निर्देश देते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दुर्ग आगमन 22 अप्रैल को होगा। इससे पहले जीई रोड का डामरीकरण किया जाए। रोड पर धूल उड़ रही है। नागरिक भी परेशान हैं। यह कार्य तत्काल शुरू किया जाना चाहिए। वोरा के निर्देश के बाद आज से जीई रोड का डामरीकरण कार्य शुरू हो गया।
वोरा ने डामरीकरण कार्य शुरू होने से पहले मालवीय चौक पर रोड का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिये। वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री 2 मई से हर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए अमृत मिशन प्रोजेक्ट, बोरसी रुआंबांधा मार्ग का डामरीकरण, राजेंद्र पार्क चौक से जेवरा चौक तक डामरीकरण, जीई मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था का काम तत्काल शुरू किया जाए। ये सभी कार्य 2 मई से पहले पूरे कर लिये जाएं।
वोरा ने कहा कि 64 करोड़ की लागत से जीई रोड का उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्य के तहत जीई रोड का डामरीकरण सीएम के आगमन से पहले पूरा किया जाना चाहिए। 12 करोड़ की लागत से प्रकाश व्यवस्था के तहत लाइट लगाने का काम भी फौरन पूरा किया जाए। पिछले एक साल से ज्यादा समय से 10 करोड़ की लागत से बोरसी-रुआंबांधा रोड के डामरीकरण कार्य और 9 करोड़ 34 लाख की लागत से राजेंद्र चौक से जेवरा सिरसा चौक तक डामरीकरण कार्य भी पूरा किया जाए। वोरा ने कहा कि 153 करोड़ की लागत से अमृत मिशन योजना के सभी बचे कार्य तत्काल पूरे किये जाएं।
वोरा ने गंज मंडी परिसर में सभास्थल की तैयारियों का जायजा लिया
मुख्यमंत्री 22 अप्रैल को शहर में करोड़ों रुपए की लागत से विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान गंजमंडी परिसर में मुख्यमंत्री आम सभा को संबोधित करेंगे। वोरा ने आज गंज मंडी परिसर में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। वोरा के साथ महापौर धीरज बाकलीवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, एमआईसी मेंबर मनदीप भाटिया, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कन्या ढीमर, एल्डरमेन अजय गुप्ता सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
