- राज्य में पुलिस प्रशासन को त्वरित एक्शन के लिए मिले 61 नए वाहन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में पुलिस प्रशासन को त्वरित एक्शन के लिए 61 नए वाहनों की सौगात दी है। आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हाईवे पेट्रोलिंग व मानव तस्करी की रोकथाम के लिए पुलिस विभाग के 61 वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इनमें हाईवे पेट्रोलिंग के लिए 15 वाहन, मानव तस्करी विरोधी इकाई के अंतर्गत 24 वाहन और कानून व्यवस्था के लिए 22 वाहन शामिल हैं।

राजमार्गों पर आम नागरिकों को सुरक्षित और निर्वाध आवागमन के साथ-साथ सड़क दुर्घटना में तत्काल राहत व सहायता करने के उद्देश्य से 15 नए आर्टिगा वाहन उपलब्ध कराए गए है। इस अवसर पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल, अपर मुख्य सचिव गृह सुब्रत साहू, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक डॉ आनंद छावड़ा, पुलिस महानिरीक्षक एससी द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक रायपुर प्रशांत अग्रवाल, सहायक पुलिस महानिरीक्षक संजय शर्मा उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
