- कुसमी के लिए की अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं
- हाई स्कूल में मैदान समतलीकरण, शौचालय निर्माण और प्रकाश की होगी व्यवस्था
- सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नई तकनीक की एक्सरे मशीन लगाने को मंजूरी
- आईटीआई में प्रारंभ होंगे नए ट्रेड: आईटीआई का बनेगा नया भवन
- कुसमी-सामरी-बलरामपुर पहुंच मार्ग में कंठी घाट के पास करीब 8 किलोमीटर सड़क का होगा डामरीकरण
- कुसमी में लगेंगे आलू, टाउ और मिर्ची के प्रोसेसिंग प्लांट
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कुसमी में आम जनता से रूबरू चर्चा के लिए आयोजित ‘भेंट-मुलाकात‘ में कुसमी के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। नगर पंचायत कुसमी के वार्ड क्रमांक-2 में आम के पेड़ की ठंडी छांव में मुख्यमंत्री से चर्चा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। मुख्यमंत्री उनसे मिलने के लिए पैदल चलते हुए स्थल पर पहुंचे।

मुख्यमंत्री आम जनता की मांग पर कुसमी-सामरी-बलरामपुर पहुंच मार्ग में कंठी घाट के पास करीब 8 किलोमीटर सड़क डामरीकरण, कुसमी में आलू, टाउ और मिर्ची के फूड प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना, कुसमी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नई तकनीक वाली एक्सरे मशीन, आईटीआई में नए ट्रेड खोलने आईटीआई के नए भवन निर्माण और नगर पंचायत कुसमी में फायर ब्रिगेड वाहन की व्यवस्था करने की घोषणा की। उन्होंने कुसमी से कोरंधा होकर लातेहार सड़क को राजकीय राजमार्ग बनाने के लिए झारखण्ड सरकार से चर्चा करने का आश्वासन दिया। कुसमी में बिजली कटौती और ओव्हर लोड की समस्या की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री को सभा में मौजूद प्रिया यादव नाम की बच्ची के दिल के ऑपरेशन के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने उसकी मां को पास बुलाकर बच्ची के स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ की। मां ने बताया कि ऑपरेशन के बाद बच्ची का स्वास्थ्य अब बहुत बेहतर है। सीएम ने बच्ची को गोद में उठाकर दुलारा और आशीर्वाद दिया। इस बच्ची प्रिया यादव का शासन से मिली 3.5 लाख रुपए की राशि से इलाज हुआ है। बच्ची की मां ने इसके लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। सीएम ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं से उनके कामकाज के बारे में जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने उनके समूह द्वारा तैयार की गई सामग्री की टोकरी मुख्यमंत्री को भेंट की। मुख्यमंत्री ने इसके लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

