द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ में इंकम टैक्स की दबिश से कांग्रेस-भाजपा की राजनीति गरमा गई है। छापे के बाद जिस सूर्यकांत तिवारी का नाम सुर्खियों में आया है, उनकी पुरानी तस्वीरें तलाशी जा रही है। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए बीजेपी ने एक तस्वीर शेयर की जिसमें सूर्यकांत तिवारी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ खड़े हैं। इसके जवाब में कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह समेत तत्कालीन भाजपा सरकार के कई मंत्रियों के साथ सूर्यकांत तिवारी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर दी है। आरपी ने इन तस्वीरों के साथ ट्वीट किया है कि ये मुलाकात एक बहाना है … प्यार का सिलसिला पुराना है …
सच ये है कि सूर्यकांत तिवारी उर्फ सूर्या के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने 5 जुलाई को दबिश दी थी। इसके बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. रमन सिंह ने आरोप लगाया कि आयकर विभाग के दबिश में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उन पर राज्य सरकार का संरक्षण है। सूर्यकांत तिवारी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी भी बताया। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कांग्रेस से सूर्यकांत तिवारी के रिश्ते को स्पष्ट करने की मांग की थी, जिसके जवाब में कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने ट्वीट कर सूर्यकांत तिवारी और बीजेपी नेताओं के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरें शेयर कर दी।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आरपी सिंह ने गुरुवार को बीजेपी के तत्कालीन भाजपा सरकार के सीएम रमन सिंह के अलावा चार दिग्गज मंत्रियों के साथ सूर्यकांत तिवारी की तस्वीर जारी की। तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, तत्कालीन जल संसाधन एवं कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, तत्कालीन पीडब्लूडी मंत्री राजेश मूणत और तत्कालीन पंचायत मंत्री अजय चंद्राकर शामिल हैं। इन तस्वीरों को उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट करते हुए लिखा, “ये मुलाकात एक बहाना है, प्यार का सिलसिला पुराना है. इन तस्वीरों के बारे में भाजपा को क्या कहना है?”
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

