- सुबह 11 बजे तक पाइपलाइन की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया
द सीजी न्यूज

आज सुबह 6 बजे नगर निगम की पाइपलाइन डैमेज होने के कारण करीब 15 फीट ऊंचा पानी का फौव्वारा फूट पड़ा। जीई रोड पर जिला पंचायत के सामने पाइपलाइन फूटने के कारण क्लीयर वाटर कई घंटे तक बहता रहा। सुबह 9 बजे उरला जा रहे विधायक अरुण वोरा ने पानी का फौव्वारा देखकर निगम कमिश्नर लोकेश चंद्राकर को तत्काल मरम्मत कराने कहा। वोरा ने कहा कि पाइपलाइन डैमेज होने के कारण बिजली के तारों पर पानी पड़ने से हादसे का खतरा है। वोरा के निर्देश के बाद नगर निगम के जल कार्य विभाग के अफसरों ने सुबह 11 बजे तक पाइपलाइन की मरम्मत का काम पूरा कर लिया।
वोरा ने निगम कमिश्नर से कहा है कि पानी की बर्बादी कम से कम हो, इसके लिए समुचित उपाय किये जाएं। वोरा ने पाइपलाइन फूटने से पानी सप्लाई व्यवस्था पर असर न पड़ने देने के लिए बैकअप प्लान तैयार करने कहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में शहर में पानी सप्लाई प्रभावित न होने पाए। पानी सप्लाई जैसी अत्यावश्यक सेवा को सुचारू रूप से चलाने के लिए निगम प्रशासन अलर्ट मोड में कार्य करे, ताकि नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी न होने पाए।
इधर, नगर निगम के जलकार्य निरीक्षक नारायण ठाकुर ने बताया कि पाइपलाइन में लीकेज था, जिसे सुधार लिया गया है। मरम्मत का काम समय पर पूरा होने के कारण कहीं पर भी पानी सप्लाई पर असर नहीं पड़ा। पाइपलाइन लीकेज के कारण सुबह और शाम की सप्लाई के दौरान कहीं पर भी पानी सप्लाई में कोई समस्या नहीं हुई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal