द सीजी न्यूज
दुर्ग / शहर के व्यस्ततम जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्य योजना के तहत आज से डामरीकरण की शुरूआत हो गई। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने राजेंद्र पार्क चौक पर सुबह 9.30 बजे पीडब्लूडी अधिकारियों की उपस्थिति में डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस मार्ग पर चल रहे कार्यों के कारण जर्जर हो चुकी सड़क पर गड्ढे भी बन गए थे जिसके कारण जीई रोड पर धूल के गुबार उड़ रहे थे। डामरीकरण का काम शुरू होने पर शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।
वोरा ने इस मौके पर कहा कि डामरीकरण होने पर अब शहरवासियों को धूल की समस्या से निजात मिलेगी। गड्ढे की समस्या का निराकरण भी हो जाएगा जिससे लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि वोरा लगातार पीडब्लूडी अधिकारियों को जीई रोड के डामरीकरण कार्य और सौंदर्यीकरण के सभी काम पूरा करने निर्देश देते रहे हैं। उन्होंने दोबारा हिदायत देते हुए कहा कि अगले तीन माह के भीतर सड़क डामरीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
