द सीजी न्यूज

दुर्ग। जिला योजना समिति के चुनाव 9 दिसंबर को होंगे। नगर निगम दुर्ग के लिए दो सदस्यों का चुनाव होगा। इसके लिए कांग्रेस ने आज प्रेमलता साहू और कमल देवांगन को प्रत्याशी घोषित किया है जबकि भाजपा की ओर से शेखर चंद्राकर और हेमा शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। बता दें कि कमल देवांगन निर्दलीय पार्षद हैं जिन्होंने आज ही कांग्रेस प्रवेश किया है। कांग्रेस पार्षद दल की बैठक में कमल देवांगन ने कांग्रेस की रीति-नीति और विधायक अरुण वोरा की सक्रिय कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इससे पहले जिला योजना समिति चुनाव के प्रत्याशी तय करने के लिए आज कांग्रेस पार्षद दल की बैठक हुई जिसमें विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, योजना आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद, अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, राजकुमार साहू, महीप सिंह भुवाल सहित सभी कांग्रेस पार्षद और एल्डरमेन मौजूद थे। कांग्रेस ने सभी पार्षदों को व्हिप जारी कर दिया है।
कमल देवांगन को प्रत्याशी घोषित किये जाने पर उभरे मतभेद : वोरा ने सुलझाया मामला
चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा लगातार रणनीति बैठकों का दौर जारी था। इसी दौरान निर्दलीय पार्षद कमल देवांगन ने चुनाव लड़ने की मंशा कांग्रेस पार्षदों को जता दी। कांग्रेस ने उन्हें समर्थन देने का फैसला भी कर लिया। लेकिन कई पार्षदों को इस पर ऐतराज था। बैठक प्रारंभ होने पर मदन जैन सहित कुछ कांग्रेस पार्षदों ने कमल देवांगन के निर्दलीय होने का मुद्दा उठाया। इसके बाद सभापति राजेश यादव ने कहा कि अगर कमल देवांगन कांग्रेस प्रवेश कर लेते हैं तो उन्हें समर्थन देने में कोई हर्ज नहीं होना चाहिए। विधायक अरुण वोरा ने कमल देवांगन को बुलाकर अलग से चर्चा की। वोरा की पहल पर कमल को कांग्रेस में प्रवेश कराया गया। इसके बाद सभी कांग्रेस ने एकमत से कमल देवांगन को समर्थन देने की घोषणा कर दी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
