- वोरा बोले – नागरिकों के खिलाफ जुर्माना वसूली, बिना सूचना दिये तोड़फोड़ अभियान और नागरिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने जैसी मनमानी भरी कार्रवाई से लोग परेशान
- चीफ सेक्रेटरी ने बिना सूचना दिये तोड़फोड़ कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने को अनुचित बताया
- कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा से चर्चा कर उचित मार्गदर्शन देने की बात कही
द सीजी न्यूज
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने आज चीफ सेक्रेटरी अमिताभ जैन से फोन पर दुर्ग नगर निगम द्वारा शहर में नागरिकों को परेशान किये जाने की शिकायत की। वोरा ने कहा कि बिना सूचना या जानकारी दिये लोगों के दुकानों में तोड़फोड़ की जा रही है। मनमाने तरीके से जुर्माना वसूल किया जा रहा है। प्रशिक्षु आयुक्त आईएएस लक्ष्मण तिवारी द्वारा दुर्ग शहर के नागरिकों और व्यवसाइयों को परेशान किया जा रहा है। चीफ सेक्रेटरी ने इस मामले में कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा से चर्चा करेंगे। इसके बाद उचित दिशानिर्देश देने की बात कही है।
चीफ सेक्रेटरी ने वोरा से कहा कि व्यवस्थित शहर की बसाहट के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इसके लिए बिना नोटिस या सूचना दिये कार्रवाई करना उचित नहीं है। अनावश्यक नागरिकों पर जुर्माना वसूलना या एफआईआर दर्ज करने पर भी चीफ सेक्रेटरी ने आश्चर्य जताया। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वे कलेक्टर से चर्चा कर उचित मार्गदर्शन करेंगे।
आपको बता दें कि विधायक अरुण वोरा ने भोपाल प्रवास पर जाने से पहले एयरपोर्ट पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव डहरिया को भी निगम प्रशासन की मनमानी को लेकर चर्चा की थी। चर्चा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, पीएचई मंत्री रुद्र गुरु भी मौजूद थे। सभी ने दुर्ग नगर निगम में जुर्माना वसूली में मनमानी किये जाने पर नाराजगी जताई। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ डहरिया ने कलेक्टर से उसी समय फोन पर निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों को परेशान न किया जाए। मंत्री के निर्देश के बाद दो दिनों तक कार्रवाई थमी रही। इसके बाद दोबारा कार्रवाई शुरू हो गई। अब इस मामले को लेकर वोरा ने चीफ सेक्रेटरी से चर्चा की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
