द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज क्रिसमस पर्व पर राजधानी रायपुर के सेंट जोसफ कैथेड्रल और सेन्ट पॉल कैथेड्रल पहुंचकर प्रार्थना में शामिल हुए और प्रदेश के सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने मसीही समाज सहित समस्त प्रदेशवासियों को क्रिसमस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सीएम ने कहा कि आज विश्वभर में प्रभु ईसा मसीह का जन्म दिन पूरे धूमधाम से मनाया जा रहा है। सभी घरों में केक और मिठाईयां बनाई जा रही हैं। आज बच्चे भी सज-धजकर यहां आए हैं। यह बहुत बड़ा दिन है । प्रभु यीशु का संदेश पूरी मानवता के लिए है। उन्होंने बताया कि करुणा, प्रेम और सेवा के माध्यम से ही हम ईश्वर तक पहुंच सकते हैं, यही वह मार्ग है जिससे जीवन में व्याप्त घृणा, ईर्ष्या और क्रोध से हम जीत सकते हैं। इस संदेश में भाईचारा है, प्रेम है जिससे आज दुनिया में फैले हिंसा, घृणा, ईर्ष्या और दुख को पराजित कर सकते हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें प्रभु यीशु के संदेशों का अनुसरण कर मानवता की सेवा करनी चाहिए, ताकि इस मानव सभ्यता को और ऊंचाई पर ले जा सकें। आज इस पवित्र दिन के अवसर पर प्रभु ईसा मसीह को नमन करते हुए आप सबको बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

मुख्यमंत्री भूपेश ने इस मौके पर कैथेड्रल में उपस्थित लोगों के साथ केक काटकर क्रिसमस सेलिब्रेट किया। चर्च में उपस्थित सभी लोगों ने प्रभु की प्रार्थना की और चर्च के गायन दल ने कैरोल गीत प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मसीही समाज द्वारा पुष्पगुच्छ और शॉल भेंटकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेन्द्र छाबड़ा, महापौर ऐजाज ढेबर और सेंट पॉल्स कैथेड्रल में बिशप द राइट रेवरेंड अजय उमेश जेम्स, पादरी अजय मार्टिन, डीकन मारकुस केजु, डीकन के. खूंटे, डीकन ए. कोरी, डीकन अब्राहम रास और डायसिस के प्रवक्ता जॉन राजेश पॉल सहित मसीही समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
