Breaking News

दिल्ली एयरपोर्ट पर म्यांमार से आए चार यात्री कोरोना संक्रमित : कोलकाता एयरपोर्ट पर दुबई और मलेशिया से आए दो यात्री कोरोना संक्रमित :27 दिसंबर से देश के कई राज्यों में मॉक ड्रिल

द सीजी न्यूज

कोरोना को लेकर भारत में भी चिंता बढ़ने लगी है। भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना के 196 नए मामले सामने आए हैं और दो लोगों की मौत हो गई है। दिल्ली एयरपोर्ट पर सोमवार को चार यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए। ये यात्री म्यांमार से आए थे। इन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिहार के गया एयरपोर्ट पर विदेश से आने वाले चार यात्रियों के संक्रमित पाए जाने के बाद अब बंगाल के कोलकाता हवाईअड्डे पर भी दो यात्री संक्रमित मिले हैं। ये यात्री दुबई और मलेशिया से आए हैं। दोनों नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए।

भारत में भी कोरोना ने चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक सक्रिय मामले बढ़कर 3,432 हो गए हैं। गया हवाईअड्डे पर संक्रमित मिले चार विदेशी यात्रियों में से तीन म्यांमार से और एक बैंकॉक से आए हैं। वे सभी असिम्पटोमेटिक हैं और उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। पड़ोसी देश चीन में कोरोना के कहर को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को तैयारियां दुरुस्त करने कहा है। लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए कहा गया है।

कलबुरगि एयरपोर्ट पर मास्क अनिवार्य

कर्नाटक के कलबुरगि हवाई अड्डा के निदेशक चिलका महेश ने बताया कि आज से कलबुरगि एयरपोर्ट पर स्टाफ और यात्रियों का मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। यह फैसला कई देशों में कोविड फैलने और राज्य सरकार के दिशानिर्देशों को देखते हुए लिया गया है।

27 से मॉक ड्रिल

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कोरोना की स्थिति और तैयारियों के संबंध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के साथ वर्चुअल बैठक की। केंद्र की सलाह के बाद कोरोना से संबंधित किसी भी घटना से निपटने के लिए ज्यादा तत्परता सुनिश्चित करने कई राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों के अस्पतालों में मंगलवार (27 दिसंबर) को एक मॉक ड्रिल की जाएगी। यह अभ्यास स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता (सभी जिलों को कवर करते हुए), आइसोलेशन बेड की क्षमता, ऑक्सीजन-बेड, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर-समर्थित बेड, डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिक्स, आयुष डॉक्टरों की उपलब्धता जैसे मापदंडों पर ध्यान केंद्रित करेगा।

नए साल के जश्न और मास्क को लेकर दिशानिर्देश जारी

कर्नाटक सरकार ने नए साल के जश्न और मास्क को लेकर दिशानिर्देश जारी कर दिये हैं। सरकार ने मूवी थिएटर, स्कूल और कॉलेजों के अंदर मास्क अनिवार्य कर दिया है। पब, रेस्टोरेंट और बार में नए साल का जश्न मनाने के लिए मास्क अनिवार्य होगा। नए साल का जश्न रात 1 बजे से पहले खत्म हो जाएगा। सरकार ने कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं, बस सावधानी बरतनी होगी।

यूपी के अस्पतालों में बिना मास्क के नो एंट्री

उत्तर प्रदेश में सभी भीड़-भाड़ वाले इलाकों में लोगों को मास्क के साथ जाने की सलाह दी जा रही है। अस्पताल परिसर में मास्क पहनकर जाना अनिवार्य कर दिया गया है।

Check Also

डिप्टी सीएम विजय शर्मा होंगे राज्योत्सव के मुख्य अतिथि

THE CG NEWS दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!