Breaking News

भिलाई के श्रीवंत का एल्बम प्रतिष्ठित ग्रैमी अवार्ड के लिए नामांकित

द सीजी न्यूज

भिलाई। दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित संगीत पुरस्कार द ग्रैमी अवार्ड्स के लिए इस्पात नगरी भिलाई में पले-बढ़े श्रीवंत सिंह को नामांकित किया गया है। श्रीवंत इन दिनों देश-विदेश में अपने संगीत का जादू बिखेर रहे हैं। हाल ही में बर्कली इण्डियन एन्सेम्बल द्वारा निर्मित एलबम ‘शुरूआत’ को श्रेष्ठ वैश्विक संगीत की श्रेणी में प्रतिष्ठित ग्रैमी अवार्ड के लिए नामांकित किया गया है।

श्रीवंत ने इस एल्बम में एक तमिल गीत को अपनी आवाज दी है। एल्बम के संगीतकार एनेट फिलिप हैं। एलबम की खासियत यह है कि इसमें गायक-गायिका, संगीतकार, गीतकार व वादन में 29 देशों के कलाकारों ने अपना योगदान दिया है। दुनिया भर से इस प्रतिष्ठित अवार्ड के लिए 105 नामांकन हुए हैं, जिनमें भारत से प्रख्यात सितार वादक स्व. पं. रविशंकर की बेटी अनुष्का सहित कई प्रतिष्ठित कलाकारों के एल्बम भी शामिल है।

श्रीवंत ने अपनी स्कूली पढ़ाई डीपीएस भिलाई से पूरी की है। इसके बाद उन्होंने संगीत की शिक्षा प्रख्यात संगीतकार ए आर रहमान के चेन्नई स्थित केएम कंजरवेट्रीज से हासिल की। इसके बाद श्रीवंत ने बर्कली कॉलेज ऑफ म्यूजिक बोस्टन से संगीत की आगे की शिक्षा ली। श्रीवंत इसके पहले लास वेगास में ए आर रहमान के साथ और श्रेया घोषाल के साथ बोस्टन में परफार्मेंस दे चुके हैं।

वर्तमान में वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित संगीतकारों के साथ संगीत के विभिन्न प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। श्रीवंत अब तक हिंदी, अंग्रेजी, फ्रेंच, बांग्ला और विभिन्न यूरोपीय भाषाओं में गा चुके हैं। श्रीवंत के पिता संजय सिंह भी संगीत से जुड़े हुए हैं। संजय एक गायक होने के अलावा संगीतकार भी हैं। बीते दो दशक तक भिलाई स्टील प्लांट में पदस्थ रहते हुए उनके कई एलबम जारी हो चुके थे। इन दिनों वह स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के निगमित कार्यालय नई दिल्ली में जनरल मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!