द सीजी न्यूज
बस्तर संभाग के सभी राजनैतिक दलों को सुरक्षा मापदण्ड के बारे में आगाह किया जा रहा है। इसके लिए बस्तर संभाग के सभी जिला मुख्यालय में जिला दण्डाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून/सुरक्षा व्यवस्था, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक पदाधिकारियों के भ्रमण के दौरान पालन किये जाने वाले सुरक्षा मापदण्डों के संबंध में आवश्यक चर्चा की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कार्यक्रम के दौरान आवागमन की सूचना, समय पूर्व देने के संबंध में बताया गया, ताकि संवेदनशील क्षेत्रों के सुरक्षा आंकलन की कार्यवाही करते हुए आवश्यक बंदोबस्त सुनिश्चित किया जा सके।



बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने बताया कि बीते वर्षों में जिस तरीके से माओवादियों के प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्यवाही कर माओवादियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के कारण बौखलाहट में वे निहत्थे व्यक्तियों को निशाना बना रहे हैं। माओवादियों की इस चुनौती का सामना करते हुए और बेहतर रणनीति के तहत् पुलिस व सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में कार्य किया जाएगा। ताकि, माओवादियों की हिंसात्मक गतिविधियों को समाप्त करते हुए क्षेत्र में शांति व सुरक्षा व्यवस्था स्थापित किया जा सके।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
