- वोरा निवास पर तोड़फोड़ से भाजपा का चाल चरित्र उजागर : कांग्रेस
द सीजी न्यूज
शहर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष गया पटेल समेत पांचों ब्लाक अध्यक्षों अलताफ अहमद, राजकुमार पाली, अजय मिश्रा,महीप सिंह भुवाल, राजकुमार साहू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कन्या ढीमर, शहर कांग्रेस प्रवक्ता संदीप श्रीवास्तव ने बयान जारी कर कहा है कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और अपनी मांग रखने का अधिकार है, लेकिन 15 फरवरी को विधायक अरुण वोरा के निवास पर भाजपा नेताओं के कृत्य ने लोकतंत्र को शर्मसार कर दिया है। आंदोलन के तहत विधायक अरुण वोरा का निवास घेरने पहुंचे भाजपाइयों ने विधायक निवास में तोड़फोड़ किया। वहां लगे कांग्रेस नेताओं के बैनर भी फाड़ दिए। भाजपा का यह कृत्य बेहद निंदनीय है। यह भाजपा के चाल-चरित्र को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास और पट्टा जैसी मांगों को लेकर भाजपा द्वारा आंदोलन करना हास्यास्पद है। दुर्ग की जनता जानती है कि प्रधानमंत्री आवास में 40% राशि केंद्र सरकार देती है और 60% राशि राज्य सरकार। राज्य सरकार अपने हिस्से की राशि दे रही है, किंतु केंद्र सरकार से राशि अप्राप्त है। जिसकी वजह से कार्य अधूरे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश स्तर पर और दुर्ग में विधायक अरुण वोरा लगातार आवास निर्माण योजना का लाभ हितग्राहियों को दिलाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 15 साल भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में थी। उस समय भाजपा सरकार ने एक भी पट्टा गरीबों को नहीं दिया। पिछले 4 साल से भाजपा नेता कुंभकर्णी नींद में सोए हुए थे। चुनाव नजदीक आया, तब इन्हें जनता याद आ रही है। इनके चाल चरित्र को जनता बखूबी समझ रही है।
आज पूरे देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है। इससे ध्यान भटकाने के लिए भाजपा नेता अनर्गल पैंतरेबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा जब से छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से प्रदेश में चौतरफा विकास हो रहा है। आज किसान खुश है, शिक्षक खुश है, कर्मचारी खुश हैं, बेरोजगारी दर कम होने से युवाओं को रोजगार मिल रहा है। बिजली बिल हाफ योजना का लाभ हर वर्ग ले रहा है। छोटे प्लाटों की रजिस्ट्री खुल जाने से आम आदमी अपना स्वयं का मकान बना रहा है। महिलाएं सुरक्षित है। आदिवासी क्षेत्रों में बहुमुखी विकास हो रहा है। यह सब विकास भाजपाइयों को चुभ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दुर्ग शहर की जनता दुर्ग के विधायक अरुण वोरा के सरल सहज मृदुभाषी व्यक्तित्व को जानती है। वे सदैव सेवा भावना से काम करते आ रहे हैं। वोरा निवास पर प्रशासन द्वारा बेरीकेट्स लगाए गए थे, किंतु अरुण वोरा ने अपनी उदारता का परिचय देते हुए बेरीकेट्स हटवा दिए और स्वयं भाजपाइयों के बीच चर्चा हेतु पहुंचे। अपने घर पर आए भाजपाइयों को मिठाई भी खिलाई। दूसरी ओर भाजपाइयों ने उनके निवास में जो कृत्य किया, वह दुर्ग शहर की जनता का अपमान है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। भाजपा को इसका जवाब आने वाले समय में दुर्ग शहर की जनता देगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
