द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ के बस्तर में भाजपा नेताओं की हत्या मामले में DGP द्वारा NIA जांच के लिए पत्र लिखने पर राजनीति गरमा गई है। डा.रमन सिंह ने बस्तर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की घटनाओं की जांच के लिए राष्ट्रीय जांच एजेन्सी (एनआईए) को पत्र लिखे जाने पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और वरिष्ठ नेताओं की सुरक्षा वापस ली जा रही हैं। रमन सिंह की प्रतिक्रिया पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि हत्या का राजनीतिकरण न करें। हमने भी अपने लोग खोए हैं।
दरअसल, रमन सिंह ने आज पत्रकारों से कहा कि झीरम नक्सल हमले की जांच एनआईए को तत्कालीन प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह व तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मौजूदगी में सौंपने का निर्णय हुआ था। इस जांच पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार सवाल उठाते रहे है और एनआईए पर दोषारोपण करते रहे हैं, लेकिन आज अचानक भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की घटनाओं की जांच के लिए डीजीपी पत्र लिख रहे है।
इस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव में कहा कि अगर रमन सिंह को सरकार पर भरोसा नहीं है तो एनआईए जांच करा लें। डीजीपी ने भी पत्र लिख दिया है, लेकिन हत्या का राजनीतिकरण न करें। हत्या हुई है, उसकी निंदा करते हैं। हमने भी अपने लोग खोए हैं। फिर धरना-प्रदर्शन किस बात का।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि रमन सिंह के राज में दिन के समय भी झीरम घाटी, दरभा घाटी नहीं जा सकते थे। आज लोग रात में 10 बजे, 12 बजे अकेले जा सकते हैं, यह अंतर चार साल में आया है। उन्होंने कहा कि, नक्सली बहुत सिमट गए हैं। अब वह कैंपों पर हमला नहीं कर रहे, आईईडी ब्लास्ट नहीं कर रहे हैं। अब वह व्यक्तिगत किसी के घर में जाकर टारगेट कर इस प्रकार की हत्याएं कर रहे हैं। इसका अर्थ यह है कि नक्सली पहले के मुकाबले बहुत कमजोर हो चुके हैं। बस्तर में तीन लोगों की हत्या हुई है। उनकी हत्या नक्सलियों ने की है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री से ज्यादा सुरक्षा तो रमन सिंह की है। उनके शासनकाल में विधायक, विधायक के पीएसओ हटा दिये गए थे। हमारे शासनकाल में ऐसा नहीं है। सुरक्षा हम पूरी दे रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
