Breaking News

शहरी क्षेत्रों में बनेंगे ‘अर्बन रूरल इंडस्ट्रियल पार्क’: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित किए गए महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की तरह शहरी क्षेत्रों में भी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ‘अर्बन रूरल इंडस्ट्रियल पार्क’ की स्थापना की जाएगी। राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराने के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में युवाओं को स्वयं के छोटे-छोटे उद्योग प्रारंभ करने के लिए विकसित भू-खंड, बिजली, पानी सहित अन्य जरूरी अधोसंरचनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अर्बन रूरल इंडस्ट्रियल पार्क

मुख्यमंत्री आज राजनांदगांव के शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वार्षिक महोत्सव और पदक वितरण कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र जीवन में अनेक संभावनाओं के द्वार खुलते हैं। वार्षिक महोत्सव कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा साबित करने और आगे आने का अच्छा अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव जिला कला-साहित्य के क्षेत्र में पूरे राज्य में विख्यात है। उन्होंने कहा कि यहां के साहित्यकार गजानन माधव मुक्तिबोध, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी, डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र ने राजनांदगांव जिले का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा के लिए फीस माफ की गई है। कमजोर वर्गों के छात्रों को अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की स्थापना की गई है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महाविद्यालय के सत्र 2022 के मेधावी और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पदक वितरण करते हुए सम्मानित किया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की मांग पर मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय में अहाता निर्माण के लिए 50 लाख रुपए और खेल मैदान समतलीकरण के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। साथ ही उन्होंने पार्किंग व अन्य अधोसंरचना के लिए आने वाले समय में बजट में प्रावधान करने की घोषणा की।
इस अवसर पर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण दलेश्वर साहू, खुज्जी विधायक छन्नी साहू, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम धनेश पाटिला, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग जितेन्द्र मुदलियार, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित नवाज खान, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास विवेक वासनिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!