Breaking News

लिस्टोमानिया बार एंड क्लब पर छापामारी : कई अनियमितताएं मिली : आगामी आदेश तक क्लब बंद

  • एसडीएम के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि, आबकारी, राजस्व व पुलिस विभाग की टीम ने की कार्रवाई

द सीजी न्यूज

दुर्ग / विगत रात्रि 9 बजे जुनवानी स्थित सूर्या मॉल के तृतीय तल पर संचालित लिस्टोमानिया बार एंड क्लब का प्रशासन की टीम ने आकस्मिक निरीक्षण किया। एसडीएम लक्ष्मण तिवारी के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि विभाग, आबकारी, राजस्व, पुलिस विभाग की मौजूदगी में औचक निरीक्षण किया गया। क्लब के किचन में शाकाहारी और माँसाहारी खाद्य सामग्री एक ही कन्टेनर में खुला करके एक के ऊपर एक रखा गया था। छत में अत्यधिक मात्रा में कचरा और खाली शराब की बोतलें काफी दिनों से रखी गई थी।

क्लब के पास एक ही काउन्टर परमिट है, लेकिन क्लब द्वारा अलग-अलग फ्लोर पर दो-काउण्टर संचालित किये जा रहा थे। वाशरूम में तीसरे मंजिल से नीचे  डस्ट एरिया ओपन है, जो अत्यंत खतनाक है। क्लब के पास केवल 7 स्टाफ का लाइसेंस है लेकिन क्लब का केवल 1 लाइसेंस  प्राप्त स्टाफ ही काम करता दिखा। वर्तमान में क्लब में 47 व्यक्ति कार्यरत पाए गए।

क्लब के पास फूड लायसेंस और गुमास्ता लायसेंस नहीं पाया गया। बार-बार उपलब्ध कराने के निर्देश देने के  बावजूद उपलब्ध नही कराया गया। काउण्टर में अवैध रूप से सिगरेट का भण्डारण पाया गया, जिसके लिए कोई परमिट नहीं लिया गया था। क्लब में कार्यरत किसी भी स्टाफ का पुलिस वेरीफिकेशन नहीं कराया गया था। भारी मात्रा में होलोग्राम पाया गया, जो कि किसी भी बोतल पर लगाकर बेचा जाता है, जिससे शासन को अत्यधिक नुकसान होता है। क्लब में कार्यरत किसी भी स्टाफ का दस्तावेज नहीं मिला।

काउण्टर पर रखे निक्कर का स्टॉक रजिस्टर मौके पर मौजूद नहीं पाया गया और न ही होलोग्राम का कोई रजिस्टार संधारित किया गया। क्लब के पास डी.जे. संचालित करने का लायसेंस एम्यूजमेंट नहीं होना पाया गया। एफएसएसएआई लायसेंस नही है। टीम द्वारा मटन करी का फूड सैम्पल एकत्रित किया गया, जिसे राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। क्लब द्वारा फूड एवं गुमाश्ता लायसेंस व सिगरेट का लायसेंस मौके पर उपलब्ध नहीं कराया गया।

मौके पर उपस्थित समस्त व्यक्तियों और क्लब संचालक की सहमति से आगामी आदेश तक क्लब को बंद कराया गया। मौके पर पंचनामा की कार्यवाही हुई जो सभी उपस्थित व्यक्तियों को पढ़कर सुनाई गई और उनके द्वारा समझकर हस्ताक्षर किया गया। क्लब बंद कर उसकी चाबी खाद्य एवं औषधि विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सुपुर्द में दिया गया।

Check Also

जश्ने ईद मिलादुन्नबी : आज नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस, 26 को शान से निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी 

THR CG NEWS जिनके आने से रौशन हुए दो जहां,  उनके कदमों की बरकत पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!