द सीजी न्यूज
कांग्रेस नेता जयराम रमेश और पवन खेड़ा ने आज छत्तीसगढ़ में ईडी की छापेमारी के बाद केंद्र की भाजपा सरकार पर करारे प्रहार किये। उन्होंने कहा कि ईडी पीएम नरेंद्र मोदी का बड़ा हथियार बन गया है। उन्होंने आंकड़े पेश कर बताया कि 2014 के बाद सिर्फ विपक्ष पर ही कार्रवाई की गई है।
छत्तीसगढ़ में कोयला घोटाले को लेकर ईडी की कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर हुई छापेमारी पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस के 85वें अधिवेशन से पहले पार्टी के नेताओं पर हुई ईडी की छापेमारी प्रतिशोध और उत्पीड़न की राजनीति की मिसाल है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि 2004 से लेकर 2014 के बीच यूपीए की सरकार के दौरान ईडी ने 112 बार छापेमारी की, जबकि पिछले 8 साल के दौरान 3010 बार छापेमारी की गई है.
पवन खेड़ा ने कहा कि सिर्फ राजनीतिक दलों के नेताओं पर पड़े कुल छापे में से 95 फीसदी छापे केवल विपक्ष के नेताओं पर मारे गए। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से से पूछताछ की गई। अब जबकि कांग्रेस का अधिवेशन शुरू होने वाला है, तो छत्तीसगढ़ में भी छापेमारी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि अब ईडी का मतलब इलीमिनेटिंग डेमोक्रेसी (लोकतंत्र को खत्म कर रही) हो गया है।
‘कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने 2014 से विपक्षी पार्टियों पर हुई ईडी की छापेमारी के आंकड़े रखते हुए कहा कि कांग्रेस पर 24, टीएमसी पर 19, एनसीपी पर 11, शिवसेना पर 8, डीएमके पर 6, आरजेडी पर 5, बीएसपी पर 5, पीडीपी पर 5, आईएनएलडी पर 3, वाईएसआरसीपी पर 2, सीपीएम पर 2, नेशनल कॉन्फ्रेंस पर 2, पीडीपी पर 2, एआईएडीएमके पर 1, एमएनस पर 1 और एसबीएसपी पर 1 बार छापेमारी की गई है.
पवन खेड़ा ने कहा कि हमारी शराफत को हमारी कमजोरी मत मानो, हमारा गहना है। उन्होंने कहा कि हम भी जब सत्ता में आएंगे तो काफी कुछ दिखा सकते हैं।
‘हिमंता बिस्वा सरमा और शुभेंदु अधिकारी पर क्या जवाब है’
पवन खेड़ा ने ई़डी की छापेमारी पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ भी बीजेपी खूब पेपर लहराती थी, लेकिन आज वो फेयर एंड लवली बन के निकले हुए हैं. पश्चिम बंगाल के शुभेंदु अधिकारी, कर्नाटक के बीएस येदियुरप्पा, रेड्डी ब्रदर्स, नारायण राणे, मुकुल रॉय जैसे नामों की लिस्ट है। उन्होंने कहा कि मीडिया कुछ छापता है, तो उस पर छापा, विपक्ष संसद में सवाल पूछे तो बयान हटा देते हैं, न्यायपालिका पर कानून मंत्री खुलेआम टिप्पणी करते हैं।
पीएम मोदी का हथियार बन गया है ईडी- कांग्रेस
जयराम रमेश ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय प्रधानमंत्री के हाथ में विपक्ष के खिलाफ एक हथियार बन गया है। उन्होंने कहा कि ईडी निष्पक्ष तरीके से काम नहीं रहा है, इस मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पिछले 9 सालों में ED ने जो रेड की हैं, उसमें 95 प्रतिशत विपक्षी नेता हैं और सबसे ज्यादा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ हैं। रायपुर में कांग्रेस महाधिवेशन के पहले मोदी सरकार की ओर से ईडी का दुरुपयोग कर छत्तीसगढ़ के हमारे कांग्रेस नेताओं पर छापा मारना बीजेपी की कायरता को दर्शाता है।
खरगे ने कहा कि हम इन कायराना धमकियों से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की अपार सफलता से बीजेपी की बेचैनी दिखने लगी है। पीएम मोदी में जरा भी ईमानदारी है तो अपने परम मित्र के महाघोटालों पर रेड करें, लोकतंत्र को कुचलने के इस प्रयास का हम डट कर सामना करेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
