द सीजी न्यूज
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को केंद्र की मोदी सरकार पर देश को तोड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाया। खड़गे ने दावा किया कि सरकार में बैठे लोगों का डीएन गरीब विरोधी है। उन्होंने रायपुर में जारी पार्टी के 85 वें महाधिवेशन में दिये अपने अध्यक्षीय भाषण में मोदी सरकार पर नफरत का माहौल, महंगाई, बेरोजगारी और राष्ट्रीय सुरक्षा की स्थिति को लेकर करारा हमला करते हुए कहा कि मोदी सरकार रेल, जेल, तेल सब कुछ अपने मित्रों को बेच रही है।
खड़गे ने कहा कि हम भाजपा को हराने के लिए समान विचार वाले दलों के साथ तालमेल के लिए तैयार हैं। देश के प्रजातंत्र को तोड़ने का षड्यंत्र हो रहा है। इसके खिलाफ आंदोलन करना होगा। खड़गे ने कहा कि आज सत्ता में बैठे लोग जनता के अधिकारों पर हमला बोल रहे हैं। आज सबको ‘सेवा, संघर्ष और बलिदान, सबसे पहले हिंदुस्तान का संकल्प लेना होगा। आज देश सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में चारो तरफ नफरत का माहौल है। हम सभी उस गौरवशाली विरासत की नुमाइंदगी कर रहे हैं जिसे – महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने अपने समर्पण से सींचा है।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने महाधिवेशव को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने मुश्किल यात्रा को पूरा किया। देश और कांग्रेस के लिए यह चुनौती का समय है। दलितों, अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहा है। हर संस्था का दुरुप्रयोग किया जा रहा है। संविधान के मूल्यों पर चोट की जा रही है। आगे और कठिन समय है। 2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी, लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकी, जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ था।
पार्टी के संविधान में कई बदलाव का प्रस्ताव
जानकारी के अनुसार इस अधिवेशन में पार्टी अपना संविधान बदल सकती है। संगठन के पदाधिकारियों को प्रदत्त शक्तियों के नियमों में बदलाव संभव हैं। मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी और राहुल गांधी CWC के आजीवन सदस्य होंगे। कांग्रेस संविधान संशोधन कमेटी 16 संविधान और 32 नियमों में बदलाव का प्रस्ताव देगी। लोकसभा-विधानसभा चुनाव में आधी सीटों पर 50 साल से कम उम्र वालों को ही टिकट दिया जाएगा। कांग्रेस संगठन में मतदान केंद्र से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर सोशल ऑडिट होगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
