Breaking News

सीएम के साथ राहुल-प्रियंका ने ऐतिहासिक पुरातात्विक नगरी सिरपुर का भ्रमण किया : विश्व प्रसिद्ध लक्ष्मण देवालय मंदिर का किया दर्शन

द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज महासमुंद जिले के ऐतिहासिक पुरातात्विक महत्व के स्थल सिरपुर का भ्रमण किया। सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने विश्व प्रसिद्ध लक्ष्मण देवालय मंदिर का दर्शन किया। उन्होंने सुरंग टीला और तिवरदेव बिहार का भी भ्रमण किया। इस दौरान सांसद राहुल गांधी ने तिवर देव बिहार के पास पटेल परिवार से भी मुलाकात की।

इसलिए प्रसिद्ध है सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर

रायपुर से करीब 75 किलोमीटर दूर लक्ष्मण मंदिर स्थित है। महानदी के तट पर स्थित इसकी विशेषता है कि इस मंदिर में ईंटों पर नक्काशी करके कलाकृतियां निर्मित की गई हैं, जो अत्यंत सुन्दर हैं। क्योंकि अक्सर पत्थर पर ही ऐसी सुन्दर नक्काशी की जाती है। गर्भगृह, अंतराल और मंडप, मंदिर की संरचना के मुख्य अंग हैं। साथ ही मंदिर का तोरण भी उसकी प्रमुख विशेषता है। मंदिर के तोरण के ऊपर शेषशैय्या पर लेटे भगवान विष्णु की अद्भुत प्रतिमा है।

रायपुर से करीब 75 किमी की दूरी पर महानदी के किनारे पर सिरपुर मंदिर स्थित है।

इस प्रतिमा की नाभि से ब्रह्मा जी के उद्भव को दिखाया गया है और साथ ही भगवान विष्णु के चरणों में माता लक्ष्मी विराजमान हैं। इसके साथ ही मंदिर में भगवान विष्णु के दशावतारों को चित्रित किया गया है। हालांकि यह मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है। लेकिन यहां गर्भगृह में लक्ष्मण जी की प्रतिमा विराजमान है। यह प्रतिमा 5 फन वाले शेषनाग पर आसीन है।

भारत में लाल ईंटों के नागर शैली के इस अनोखे और पहले मंदिर को सोमवंशीय राजाओं ने सन 525 से सन 540 के बीच बनवाया था। राहुल-प्रियंका ने इस मंदिर को चारों ओर से देखा। यहां बनी मूर्तियों, मंदिर की दीवारों पर बनी कलाकृतियों को देखकर राहुल और प्रियंका आश्चर्यचकित हो गए। मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा ने उन्हें मंदिर के बारे में जानकारी दी। ऐसा माना जाता है कि मंदिर का निर्माण राजा हर्षगुप्त की मृत्यु के बाद उनकी याद में रानी वासटादेवी ने कराया था।

सिरपुर महानदी के तट स्थित एक पुरातात्विक स्थल है। इस स्थान का प्राचीन नाम श्रीपुर है। यह एक विशाल नगर हुआ करता था। सिरपुर पांचवी से आठवीं शताब्दी के मध्य दक्षिण कोसल की राजधानी थी। सिरपुर में सांस्कृतिक और वास्तुकौशल की कला का अनुपम संग्रह हैं।  ईंटों से बना हुआ प्राचीन लक्ष्मण मंदिर विश्व प्रसिद्ध दर्शनीय स्थल है। उत्खनन में यहाँ पर प्राचीन बौद्ध मठ भी पाए गए हैं। यह स्थल वैष्णव, शैव, जैन और बौद्ध संस्कृतियों का केन्द्र रहा है। इस अवसर पर संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चन्द्राकर, सिरपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सतीश जग्गी, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद  थे।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!