द सीजी न्यूज
शराब नीति मामले में दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को CBI ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले CBI ने उनसे 8 घंटे पूछताछ की थी। जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग के एक बड़े अफसर ने पूछताछ के दौरान सिसोदिया का नाम लिया था। अफसर ने कहा – सिसोदिया ने ऐसी शराब नीति बनाई थी, जिससे सरकार को मुनाफा न हो। व्यापारियों को मोटा फायदा हो। इसी बयान के आधार पर सिसोदिया से पूछताछ की गई थी।
सूत्रों का कहना है कि अफसर ने सिसोदिया पर सबूत नष्ट करने का आरोप लगाया था। सीबीआई ने सिसोदिया और अफसर को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तो, उन्होंने कई सवालों के जवाब नहीं दिए। इसके बाद सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया गया। सिसोदिया को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद AAP ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक आतिशी ने कहा – मनीष सिसोदिया ने पिछले आठ साल में दिल्ली के सरकारी स्कूलों की कायापलट कर दी। उन्हें इसी की सजा मिल रही है। भाजपा कह रही है कि ये 10 हजार करोड़ रुपए का घोटाला है। ये पैसा कहां हैं। CBI ने सिसोदिया के घर, उनके रिश्तेदारों, दोस्तों तक की तलाशी ली, लेकिन ये रुपया नहीं मिला। ये रुपए कहां हैं। केजरीवाल और सिसोदिया की बढ़ती लोकप्रियता के कारण गिरफ्तारी हुई है।
इधर, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा – सिसोदिया की गिरफ्तारी तानाशाही की इंतेहा है। आम आदमी पार्टी ने ट्वीट कर लिखा – यह लोकतंत्र के लिए काला दिन।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
