
द सीजी न्यूज
दिल्ली में दो अलग अलग मामलों में गिरफ्तार किये गए अरविंद केजरीवाल सरकार के दो मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने मंगलवार को अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दोनों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इधर, आज 28 फरवरी को ही सिसोदिया ने अपनी गिरफ्तारी और CBI के जांच के तरीके को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। CJI जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए उन्हें सीधे सुप्रीम कोर्ट आने की बजाय हाईकोर्ट जाने कहा। उन्होंने कहा कि सीधे हमारे यहां आने का क्या मतलब है। हम एक गलत परंपरा को बढ़ावा नहीं दे सकते।
सिसोदिया को शराब नीति केस में CBI ने 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग केस में पिछले साल 30 मई से जेल में बंद हैं। सिसोदिया केजरीवाल सरकार के सबसे ताकतवर मंत्री रहे सिसोदिया के पास 33 में से 18 विभाग थे। जैन के पास स्वास्थ्य, उद्योग समेत 7 मंत्रालयों की जिम्मेदारी थी, जिन्हें बाद में सिसोदिया को सौंप दिया गया था।
मनीष सिसोदिया दिल्ली की शराब नीति केस में फिलहाल 4 मार्च तक CBI की रिमांड पर हैं। CBI का आरोप था कि सिसोदिया सवालों का गोलमोल जवाब दे रहे हैं। CBI ने उन्हें 26 फरवरी को करीब 8 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। सोमवार यानी 27 फरवरी को उन्हें CBI की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने उन्हें 4 मार्च तक CBI की रिमांड पर भेज दिया था।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal