- कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय : महापौर धीरज बाकलीवाल ने दिया सुझाव : सार्थक चर्चा हुई
द सीजी न्यूज
दुर्ग / दुर्ग शहर की समस्याओं और भावी विकास योजनाओं के संबंध में आज कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा की अध्यक्षता में चर्चा की गई। बैठक में महापौर धीरज बाकलीवाल ने नागरिकों की समस्याओं को विस्तार से रखा। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था, शहर के आसपास के गांवों को नगरीय निकाय में शामिल करने और जनसुविधाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने के मुद्दे प्रमुखता से उठाए। उन्होंने दुर्ग शहर के विकास के लिए नियमित रूप से समीक्षा और सुझावों के लिए नगर विकास समिति के गठन का प्रस्ताव भी रखा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने इस पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि इससे विभागीय समन्वय में आसानी होगी और तेजी से निर्णय लिये जा सकेंगे। आज हुई बैठक में नगर की समस्याओं और भावी विकास योजनाओं पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन द्वारा दुर्ग के नागरिकों को हरसंभव सुविधा प्रदान की जाएगी। बैठक में पार्षदों ने अपने वार्डों की समस्या के बारे में बताया।
चर्चा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि खाली प्लाट में साफसफाई रखने की जिम्मेदारी प्लाट मालिक की होगी, यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो उस पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
महापौर तथा पार्षदों ने कहा कि निगम क्षेत्र में खेल मैदान सहित अन्य अधोसंरचना विकास के लिए जमीन चाहिए। इस पर कलेक्टर ने कहा कि जमीन चिन्हांकित कर इसका प्रस्ताव दे दें। तत्काल कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि निगम क्षेत्र में जिन स्कूलों में जीर्णाेद्धार की जरूरत है। वहां स्कूल खुलने के पहले मरम्मत का सारा कार्य करा लिया जाएगा। सड़कों में संधारण के कार्य भी शीघ्र पूरे कराए जाएंगे। महापौर ने इंदिरा मार्केट के साथ ही महत्वपूर्ण बाजारों में पार्किंग की समस्या पर चर्चा करते हुए मल्टी लेवल पार्किंग का प्रस्ताव दिया। महाराजा चौक से आजाद चौक जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक के विषय पर भी चर्चा हुई।
महापौर ने बैठक में आसपास के गांवों को भी दुर्ग निगम में शामिल करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इसके चलते इन गांवों में भी तेजी से नगरीय सुविधाओं का विस्तार किया जा सकेगा। साथ ही अधोसंरचना विकास के लिए जमीन भी मिल सकेगी जिसका लाभ भी इस क्षेत्र के रहवासियों को मिलेगा।
वार्डों में लगे सीसीटीवी को थानों से कनेक्ट करने का सुझाव – वार्डों में लगे सीसीटीवी के फूटेज थानों में उपलब्ध कराने और इन्हें थानों से कनेक्ट करने से अपराधों की रोकथाम में मदद मिलने का सुझाव भी रखा गया। कलेक्टर ने कहा कि यह अच्छा सुझाव है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को भी इस तरह से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे शहर की निगरानी रखने का प्रस्ताव भेजा गया है।
जिला अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने का प्रस्ताव – जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन की आवश्यकता सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल में न्यूरो सर्जन, न्यूरो फिजिशयन आदि नियुक्त करने और इस संबंध में सारी सुविधाएं उपलब्ध करने के संबंध में प्रशासन द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
