द सीजी न्यूज
दुर्ग / दीपक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के निर्माण कार्य का आज निगम कमिश्नर लोकेश चन्द्राकर ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ईई आरके पांडेय, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली व स्कूल की प्राचार्या शेफाली सोनी भी मौजूद रहे। निगम कमिश्नर ने कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल के भवन निर्माण का काम मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने स्कूल भवन के निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने के निर्देश दिये। स्कूल भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्वक और तय समयावधि के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिये। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्राचार्या शेफाली सोनी से स्कूल के बारे में जानकारी ली। प्राचार्या ने बताया कि ऊर्जा क्लब, अंग्रेजी क्लब, स्मार्ट क्लास के माध्यम से अध्यापन और अलग से पढ़ने-लिखने की आदत बनाए रखने के लिए स्कूल में कक्षाएं संचालित की जा रही है। आयुक्त ने लैब और लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने स्कूल की प्राचार्या व शिक्षकों से कहा कि स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों को आरंभ करने के पीछे राज्य शासन की मंशा है कि केवल अंग्रेजी की कमजोरी के कारण स्टूडेंट्स पीछे न रह जाएं। उन्हें बेहतर मौका मिल सके। जरूरी है कि बच्चों में अंग्रेजी बोलने के लिए प्रेरित किया जाए। बच्चों पर जितनी मेहनत करेंगे, उतना अच्छा आउटपुट इनसे मिलेगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
