- मुख्यमंत्री ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अंतर्गत बैंक की शाखा भवन अहिवारा सहित 11 एटीएम और गोदामों का वर्चुअल रूप से लोकार्पण किया। कार्यक्रम में कुल 2 करोड़ 21 लाख 68 हजार रुपए की राशि के विकास कार्याें का लोकार्पण किया गया। आज 11 एटीएम का लोकार्पण किया गया। ग्राम अण्डा, बोरसी, अहिवारा, अरमरीकला, अर्जुन्दा, करहीभदर, डौंडीलोहारा, बेलौदी, कुरदी, भांठागांव-आर और जेवरा में एटीएम स्थापित किए गए है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ में अब किसानों सहित ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन दिखाई देने लगा है। हमने राज्य में सहकारिता को मजबूती प्रदान करने के लिए लगातार काम किया है। सहकारिता के क्षेत्र की कठिनाईयों को दूर करते हुए इसके माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाने की कोशिश की है। यही वजह है कि पिछले चार वर्षाें के दौरान छत्तीसगढ़ के किसानों और ग्रामीणों के जीवन में सहकारिता के माध्यम से बड़ा बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में ग्रामीण अर्थव्यवस्था सहित किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य हो रहे है। इनमें शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। इसके अलावा राज्य में किसानों के ऋण माफ करके और बकाया सिंचाई कर माफ करके उनमें नई ताकत जगाई है। किसानों को उनकी उपज की सही कीमत दिलाने के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना संचालित है। इसके माध्यम से चार किश्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाती है। किसानों को उचित समय पर इनपुट सब्सिडी मिलने से खेती-किसानी में उन्हें आसानी हुई है। राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी की सीमा में वृद्धि करते हुए अब 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी करने का निर्णय लिया है।
दूसरे राज्यों में भी हो रही छत्तीसगढ़ में सहकारिता क्षेत्र के विस्तार की सराहना – बैजनाथ चंद्राकर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हमारी सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के साथ-साथ सहकारिता के विस्तार के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। राज्य में सहकारिता के माध्यम से किसानों को मदद पहुंचाने हर संभव पहल की जा रही है। छत्तीसगढ़ में सहकारिता विस्तार के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना अन्य राज्यों में भी होने लगी है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार ने दी सहकारिता क्षेत्र को अभूतपूर्व मजबूती – राजेंद्र साहू
कार्यक्रम के अंत में जिला सहकारी बैंक, दुर्ग की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपेक्षा व्यास द्वारा समस्त अतिथियों का आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि आज के बदलते परिवेश में प्रतिस्पर्धा व परिवर्तन को देखते हुए बैंक अपनी विश्वसनीयता को कायम रखने, अपनी सेवाओं को अधिकाधिक जनोन्मुखी बनाने आधुनिक टेक्नोलॉजी को अपनाते हुए एटीएम सुविधा में विस्तार कर रहें है। कार्यक्रम का संचालन हृदेश शर्मा विपणन अधिकारी द्वारा किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

