द सीजी न्यूज
पुलिस की भारीभरकम सुरक्षा के बीच यूपी के पूर्व सांसद अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की शनिवार रात प्रयागराज में हत्या कर दी गई। पुलिस दोनों को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल ले जा रही थी। पत्रकार साथ-साथ चलते हुए अतीक और अशरफ से सवाल कर रहे थे। इसी बीच तीन हमलावर पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए आए और अतीक के सिर में गोली मार दी। इसके बाद अशरफ पर फायरिंग की। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा ने बताया कि तीनों हमलावर मीडियाकर्मी बनकर आए थे। हमले के तुरंत बाद तीनों ने सरेंडर कर दिया। पुलिस कस्टडी में तीनों से पूछताछ की जा रही है। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। इस हमले में कॉन्स्टेबल मानसिंह को भी गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
तीन सदस्यीय कमेटी हत्या की जांच करेगी
हमले के तुरंत बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस के उच्चाधिकारियों की बैठक ली। यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार CM योगी से मिलने पहुंचे। योगी ने सभी बड़े अधिकारियों को बैठक में बुलाया था। बैठक के बाद सीएम ने तीन सदस्यीय न्यायिक जांच कमेटी का गठन करने का निर्देश दिया है।
घटना के बाद 17 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। प्रदेश में धारा 144 लगाकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिंक टीम और SWAT (स्पेशल वेपन्स ऐंड टैक्टिक्स) टीम पहुंची हैं। संवेदनशील इलाकों में RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) की तैनाती की जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
