Breaking News

नगर निगम की सुस्त चाल पर विधायक वोरा ने जताई नाराजगी : निगम अफसरों से दो टूक कहा – जन सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कामकाज में लाएं तेजी

द सीजी न्यूज

दुर्ग शहर में चल रहे लगभग 80 करोड़ से अधिक के मूलभूत विकास कार्यों की प्रगति और नए प्रस्तावों का त्वरित क्रियान्वयन करने वरिष्ठ कांग्रेस विधायक व राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने आज निगम अधिकारियों की जमकर क्लास ली। महापौर धीरज बाकलीवाल और आयुक्त लोकेश चंद्राकर की मौजूदगी में सर्किट हाउस में 4 घंटे तक चली मैराथन बैठक में वोरा ने अधिकारियों से दो टूक शब्दों में कहा कि प्रमुख विकास योजनाओं के साथ ही 60 वार्डों में सड़क, नाली, साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल से संबंधित कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वोरा ने कहा कि जनता की सुविधा के लिए शहर में विकास कार्य कराने शासन से राशि स्वीकृत कराई गई है, लेकिन विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने की जवाबदारी निगम अधिकारियों और इंजीनियरों की है। वोरा ने मुक्तिधाम मार्ग, गौरव पथ, ठगड़ा बांध, शंकर नाला पक्कीकरण जैसे प्रमुख कार्यों की सुस्त चाल पर नाराजगी जताई। इन सभी योजनाओं को बरसात के पहले पूरा करने के निर्देश दिये।  पेयजल संकटग्रस्त वार्डों को चिन्हित कर नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।

वोरा ने कहा कि 1.6 करोड़ रुपए की राशि से पंप खरीदी तत्काल किया जाए। शासकीय जेआरडी स्कूल में डेढ़ करोड़ की लागत से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, 6 करोड़ 64 लाख की लागत से गौरवपथ, 5 करोड़ की लागत से मुक्तिधाम मार्ग निर्माण, 16 करोड़ की लागत से ठगड़ा बांध पिकनिक स्पाट योजना की प्रगति से नाराज वोरा ने साफ कहा कि 15 दिनों के भीतर सभी कार्यों की प्रगति दिखाई देनी चाहिए।

वोरा ने कहा कि एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान, शिवनाथ रिवर फ्रंट जैसी योजनाओं को मुख्यमंत्री द्वारा घोषणा की गई है। इन कार्यों में विभागीय स्तर पर ढिलाई न बरतें। निगम अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद के साबरमती नदी की तर्ज पर शिवनाथ रिवर फ्रंट का प्रस्ताव तैयार किया गया है। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत मूलभूत सुविधा विस्तार के लिए 10 करोड़ के प्रस्ताव भेजे गए हैं। इसके अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शहर के 8 तालाबों का सौंदर्यीकरण करने टेंडर प्रक्रिया की गई है।

वोरा ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि फाइलें टेबल पर न घूमे। धरातल पर कार्य नजर आए, इसके लिए सतत मोनिटरिंग आवश्यक है। इस दौरान कार्यपालन अभियंता प्रकाश थवानी, सुशील बाबर, एसडी शर्मा, संजय ठाकुर, गिरीश दीवान, जावेद अली समेत सभी विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!