द सीजी न्यूज
भिलाई नगर/ नियमों के विपरीत भवन निर्माण करने वाले लोगों के लिए नियमितीकरण कराने का सुनहरा मौका शासन द्वारा दिया गया है। निगम प्रशासन ने ऐसे भवनों का शीघ्र नियमितीकरण कराने आवेदन करने की अपील की है। निर्धारित तिथि के अनुसार नियमितीकरण कराने के लिए कुछ ही समय बचा है। आवेदन करने वाले हजारों लोगों का नियमितीकरण हो चुका है।
भवन अनुज्ञा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब तक आवासीय व गैर आवासीय मिलाकर नियमितीकरण के लिए आवेदन जमा करने वाले 1035 लोगों का नियमितीकरण हो चुका है। इसकी प्रक्रिया को भिलाई निगम द्वारा शीघ्रता से पूरा किया जा रहा है। निगमायुक्त ने जोन के इंजीनियरों को निरीक्षण प्रक्रिया शीघ्रता से अपनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए आदेश भी जारी किया गया है।
अगर किसी भी व्यक्ति ने बिना बिल्डिंग परमिशन लिए निर्माण किया है या बिल्डिंग परमिशन प्राप्त करने के बाद स्वरूप में परिवर्तन किया है या दी गई भवन अनुज्ञा के विपरीत निर्माण कर लिया है तो इसका नियमितीकरण कराया जा सकता है। इसके लिए भिलाई निगम में आर्किटेक्ट के माध्यम से आवेदन करना होगा।
महापौर नीरज पाल और निगम आयुक्त रोहित व्यास ने योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। आर्किटेक्ट की सूची समस्त जोन कार्यालय व मुख्य कार्यालय में भी चस्पा की गई है। भिलाई निगम के वेबसाइट से भी आर्किटेक्ट की सूची प्राप्त की जा सकती है। भूखंड क्षेत्रफल 120 वर्ग मीटर तक के अनाधिकृत आवासीय निर्माण का नियमितीकरण में शास्ती से छूट मिल रही है।
कैसे करे नियमितीकरण के लिए आवेदन
निगम के पंजीकृत वास्तुविद/इंजीनियर से तैयार कराने के बाद आवेदन करना होगा। आवेदन निर्धारित प्रारूप में चेक लिस्ट के अनुसार नगर पालिक निगम भिलाई के वेबसाइट www.bhilainagarnigam.com से डाउनलोड किया जा सकता है। आर्किटेक्ट की सूची भी इस वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। अनाधिकृत निर्माण 14 जुलाई 2022 के पूर्व से निर्मित है, इस संबंध में साक्ष्य के रूप में भवन का बिजली बिल, प्रॉपर्टी टैक्स जिसमें तारीख अंकित हो, जमा करना आवश्यक है।
अन्य दस्तावेज आवेदन के प्रारूप एक में चेक लिस्ट के अनुसार संलग्न कर आवेदन करना होगा। नियमितीकरण कराने के लिए अधिक जानकारी के संबंध में भवन अनुज्ञा शाखा के उप अभियंता शहबाज अहमद के मोबाइल नंबर 9399414300 पर संपर्क किया जा सकता है। नियमितीकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली जा सकती हैं। नियमितीकरण के संबंध में किसी भी प्रकार से भटकने की आवश्यकता नहीं है। सीधे इस नंबर पर संपर्क कर नियमितीकरण की प्रारंभिक प्रक्रिया से लेकर सभी प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी मिल जाएगी और आवेदन से संबंधित सभी जानकारियां भी इस नंबर के माध्यम से मिल जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal