द सीजी न्यूज
राजनांदगांव / 10 करोड़ रुपए लागत से बन रहे कोहका-बेंदरकट्टा को जोड़ने वाले पुल के निर्माण में घटिया गुणवत्ता की पोल खुल गई है। हालत ये है कि पहली बारिश में ही घटिया निर्माण के कारण पुल के दोनों ओर बनी एप्रोच रोड की हालत खराब हो गुई है। हल्की बारिश में ही सड़क धंसने लगी है। पुल के साइड में बनी पिचिंग भी खिसक रही है। कलेक्टर ने इस मामले में विभागीय अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
आशंका जताई जा रही है कि सड़क धसने से बड़ा हादसा हो सकता है। निर्माणाधीन पुल के पास प्राथमिक शाला है। पुल के अप्रोच रोड के निर्माण के कारण सड़क का लेवल ज्यादा हो गया है और स्कूल जाने का रास्ता बंद हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अप्रोच सड़क में मुरुम डालना था, वहां ठेकेदार ने मिट्टी डाल दी। मिट्टी डालने से हल्की बारिश में ही सड़क काफी नीचे धंस गई। इससे सड़क और पुल के गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। अप्रोच सड़क में डाली जा रही गिट्टी की साइज भी 40 एमएम से ज्यादा है।
कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर डोंगरगांव ब्लॉक की सीमा पर स्थित डोंगरगांव-कोहका-बेंदरकट्टा मार्ग में शिवनाथ नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण का वर्क ऑर्डर राजनांदगांव के विनोद कुमार जैन को दिया गया है। पुल का कार्य पूर्ण हो गया है। पहुंच मार्ग का कार्य प्रगति पर है। कोहका की ओर खार तरफ के पहुंच मार्ग के सोल्डर में कोरबंदी कर मुरूम डालने का कार्य किया जाना था, लेकिन बारिश शुरू होने के कारण सोल्डर और पिचिंग बैठ गई। बेंदरकट्टा की ओर पहुंच मार्ग से लगकर स्कूल स्थित है। ग्रामीणों द्वारा स्कूल तक पहुंच मार्ग की मांग की गई है, जिसे पूरा किया जाएगा। ईई ने कहा कि ठेकेदार को सुधार करने के निर्देश दिए गए है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

