द सीजी न्यूज
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल पर गुरुवार की रात कथित हमले के आरोपों पर सीएम भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल पर कोई हमला नहीं कर सकता।
सीएम भूपेश बघेल ने कहा – “पहली बात तो ये है कि बृजमोहन अग्रवाल पर कोई हमला नहीं कर सकता। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बृजमोहन खुद ही धक्का मार रहे हैं। दूसरी बात ये है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे व्यक्ति को टेबल के नीचे छिपने के लिए मजबूर कर दे, उस बृजमोहन को कोई धमकी दे सकता है क्या ? कोई धक्का दे सकता है क्या ? मजाक कर रहे हैं। इसका मतलब है कि सेठ जी (बृजमोहन अग्रवाल ) पिछड़ रहे हैं। वो लाख कोशिश कर लें कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। बृजमोहन के सामने किसी और को गुंडा कहना गुंडा शब्द का अपमान है।
गौरतलब है कि रायपुर दक्षिण से बीजेपी के उम्मीदवार बृजमोहन अग्रवाल गुरुवार को चुनाव प्रचार के लिए बैजनाथ पारा पहुंचे थे। इस दौरान बृजमोहन अग्रवाल का कुछ लोगों ने यह कहते हुए विरोध किया कि कोरोना काल में कहां गए थे ? वीडियो में दिख रहा है कि इस सवाल पर बृजमोहन अग्रवाल भड़क गए और सवाल करने वाले युवक को धक्का देते हुए आगे बढ़े। इसके बाद हंगामा बढ़ गया।
हंगामे के बीच बृजमोहन अग्रवाल के समर्थक और वहां मौजूद युवकों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। इस घटना के बाद बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस से जुड़े नेताओं पर उनकी हत्या करने का आरोप लगा दिया। उनके समर्थक पूरे घटनाक्रम को हिंदू मुस्लिम विवाद में बदलने की कोशिश करने लगे कि मदरसे के पास बृजमोहन पर हमला हुआ है। बाद में पूर्व सीएम रमन सिंह, सांसद सुनील सोनी, राजेश मूणत भी कोतवाली थाने पहुंच गए और मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया गया। इसी मामले में सीएम भूपेश बघेल ने बृजमोहन अग्रवाल के पॉलिटिकल ड्रामे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
